Home छत्तीसगढ़ पंचमी महोत्सव पर शीतला शक्ति पीठ में छप्पनभोग, भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं...

पंचमी महोत्सव पर शीतला शक्ति पीठ में छप्पनभोग, भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

0

माता भक्त युवाओं ने निकाली भव्य शोभायात्रा, विधि-विधान से अर्पित किया छप्पनभोग

संवाददाता अमनपथ राजूनाथ जोगी नगरी : शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सिहावा स्थित प्रसिद्ध शीतला शक्ति पीठ में पंचमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। पंचमी के अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही माता के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। माता के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।पंचमी महोत्सव के अवसर पर माता भक्त युवाओं की टीम द्वारा विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। युवाओं ने मिलकर माता शीतला के लिए छप्पनभोग तैयार किया तथा श्रद्धा एवं उत्साह के साथ शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में युवा और श्रद्धालु शामिल हुए। भक्ति भाव से निकाली गई शोभायात्रा के दौरान माता के जयकारों से मन्दिर परिसर में वातावरण गूंज उठा।

शोभायात्रा मंदिर में पहुंचने के बाद विधि-विधान एवं श्रद्धापूर्वक माता शीतला को छप्पनभोग अर्पित किया गया। युवाओं ने माता के चरणों में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। नवरात्रि के पंचमी पर्व पर आयोजित इस विशेष धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
इस आयोजन में विधायक अम्बिका मरकाम,गोलू मालू, सचिन भन्साली सहित माता भक्त युवाओं की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। युवाओं ने पूरे आयोजन की व्यवस्था संभालते हुए श्रद्धालुओं के लिए सेवा कार्य भी किया। धार्मिक आयोजन के साथ युवाओं की सेवा भावना और सामूहिक सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
माता को छप्पनभोग अर्पित करने के पश्चात भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। युवाओं ने स्वयं सेवा करते हुए श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित भंडारे में सभी श्रद्धालुओं ने बारी बारी से प्रसाद ग्रहण किया, जिससे धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता का भी संदेश देखने को मिला।शीतला शक्ति पीठ सिहावा में पंचमी महोत्सव के दौरान पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा। माता के दर्शन के लिए दूर-दराज से भी श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। युवाओं द्वारा किए गए इस आयोजन की श्रद्धालुओं ने सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का कार्य करती है।

पंचमी महोत्सव का यह आयोजन श्रद्धा, सेवा और सामूहिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण रहा। माता भक्त युवाओं की टीम ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सेवा की भावना को जोड़ते हुए आयोजन को सफल बनाया।

सांसद भोजराज नाग ने किए माता के दर्शन
शारदीय नवरात्रि पर कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग ने सिहावा स्थित प्रसिद्ध शीतला शक्ति पीठ पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर वहां श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
सांसद भोजराज नाग ने मंदिर की भोजनशाला का निरीक्षण किया तथा वहां सेवा कार्य में जुटे सेवादारों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा में लगे कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की और भोजनशाला में संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर शीतला शक्ति पीठ मंदिर समिति के अध्यक्ष नरेंद्र नाग ने सांसद को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक वृहत ज्योति कक्ष की आवश्यकता से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नवरात्रि सहित अन्य धार्मिक अवसरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचते हैं। ऐसे में मनोकामना ज्योति प्रज्वलन एवं उनके व्यवस्थित रखरखाव के लिए एक बड़े ज्योति कक्ष की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और मंदिर परिसर में ज्योति व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जा सकेगा।इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, ओषधि पादप बोर्ड अध्यक्ष विकास मरकाम, जिला पंचायत सदस्य अजय ध्रुव, सरपंच नरसिंग मरकाम, राजू गोसाई आदि उपस्थित रहे

किचन शेड का लोकार्पण जनपद अध्यक्ष महेश गोटा ने किया श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर स्थित भोजनशाला में नवनिर्मित किचन शेड का जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा ने विधिवत लोकार्पण कर इसे श्रद्धालुओं एवं मंदिर समिति को समर्पित किया।उल्लेखनीय है कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं प्रसाद तैयार करने की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किचन शेड निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस आवश्यकता को देखते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा ने अपनी जनपद निधि से पांच लाख रुपये की राशि स्वीकृत की थी।इस दौरान जनपद उपाध्यक्ष ह्रदय साहू,समिति के अध्यक्ष नरेंद्र नाग, संरक्षक नेम सिंह बिशेन एवं मंशा गौर उपाध्यक्ष बलदेव निषाद,रामलाल नेताम , सचिव नारद निषाद,कोषाध्यक्ष गेंद लाल यादव, सहसचिव बुधेश्वर साहू एवं लालेस्वर साहू, सलाहकार गगन नाहटा एवं भरत निर्मलकर, ग्राम पटेल राजेश यदु, सांस्कृतिक प्रभारी तुकाराम साहू,सह प्रभारी महेंद्र कौशल, निर्माण समिति प्रभारी सचिन भंसाली, पुजारी ज्ञान सागर पटेल एवं परमेश्वर नेताम सहित मेहतर गौर, राजकुमार निषाद, संजय सारथी,शान्ति लाल साहू,जसपाल कुंजाम, कुँवर साहू, जग्गू साहू, नरेश पटेल, महेश साहू, सुभाष यादव, महेंद्र साहू, अभय नेताम, नवल साहू, दिनेश पटेल, बाल सिंह शोरी,पूरन बिसेन,विष्णु साहू आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here