रायपुर : प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत मकान निर्माण के नाम पर हितग्राहियों से पैसे लेने और निर्माण कार्य पूरा नहीं करने की शिकायतों पर कबीरधाम जिले में दो ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत राजाढ़ार और आमानारा से जुड़े इन दो मामलों में कुल नौ हितग्राहियों से 5 लाख 9 हजार रुपये लेने की शिकायत सामने आई है। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर चिल्फी और तरेगांव जंगल थानों में मामले दर्ज किए हैं।
इस मामले को लेकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है। इसके तहत स्वीकृत राशि का दुरुपयोग या हितग्राहियों के साथ धोखाधड़ी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण में लापरवाही बरतने और हितग्राहियों को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राजाढ़ार में पांच हितग्राहियों से 3.20 लाख रुपये लेने की शिकायत
कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत राजाढ़ार में पांच हितग्राहियों ने ठेकेदार कुमार मेरावी पर आवास निर्माण के नाम पर कुल 3 लाख 20 हजार रुपये लेने और निर्माण कार्य नहीं कराने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर 14 अक्टूबर को थाना चिल्फी में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
शिकायत के मुताबिक, ग्राम राजाढ़ार निवासी देवसिंह से 60 हजार रुपये, मंधोर बाई से 60 हजार रुपये, पुसीया बाई से 60 हजार रुपये, कौशिल्या बाई से 80 हजार रुपये और ननकी बाई से 60 हजार रुपये लिए गए थे।
हितग्राहियों का आरोप है कि करीब डेढ़ साल बीतने के बाद भी उनके मकानों का निर्माण नहीं कराया गया और न ही ली गई रकम वापस की गई। इसके बाद उन्होंने लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
आमानारा के चार हितग्राहियों की शिकायत पर भी FIR
बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत आमानारा में भी इसी तरह का मामला सामने आया है। यहां चार हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर राशि लेने की शिकायत पर ठेकेदार तुमेश गोड़ के खिलाफ 13 अक्टूबर को थाना तरेगांव जंगल में एफआईआर दर्ज की गई।
शिकायत में बैसाखू बैगा से 64 हजार रुपये, सुकोर बाई से 60 हजार रुपये, सोनिया बाई से 45 हजार रुपये और रनो बाई से 20 हजार रुपये लेने की बात कही गई है। इन चारों हितग्राहियों से कुल 1 लाख 89 हजार रुपये लेने की शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 420 के तहत एफआईआर दर्ज की है।
गरीबों के आवास की राशि का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं: विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप हर जरूरतमंद परिवार को पक्का मकान मिले, इसके लिए सरकार प्रयास कर रही है। दूरस्थ वनांचलों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को आवास उपलब्ध कराना भी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत आवास निर्माण के लिए स्वीकृत राशि पर हितग्राहियों का अधिकार है। यदि कोई व्यक्ति आवास निर्माण के नाम पर हितग्राहियों से पैसे लेकर काम नहीं करता या उन्हें परेशान करता है, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आवास निर्माण की राशि का सही उपयोग और हितग्राहियों को समय पर मकान उपलब्ध कराना जरूरी है। योजना में किसी भी स्तर पर अनियमितता सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।




