बैकुण्ठपुर : आगामी 24 व 25 अक्टूबर को मुख्यालय बैकुण्ठपुर में देश-प्रदेश के मूर्धन्य साहित्यकार, कलाकार, संस्कृतिधर्मी और रचनाकारों का समागम होने जा रहा है। साहित्य का यह वृहद महोत्सव कोसम इस बार अपने चौथे पड़ाव पर है। लगातार चार वर्षों से आयोजित कर रही टीम अभिव्यक्ति ने बताया कि साहित्य प्रेमियों के लिए यह एक अनूठा अवसर होगा जब नई प्रतिभाओं के मंचन के साथ पूरे देश में साहित्य व कला में ख्याति रखने वाले कई विख्यात व्यक्तित्व कोरिया साहित्य महोत्सव के मंच को गरिमा प्रदान करने उपस्थित होंगे। इस आयोजन के विस्तृत कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दे रहे आयोजन कर्ताओं ने बताया कि जिले में साहित्य के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत टीम अभिव्यक्ति अपने आयोजन की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए झुमका ओपन थियेटर में यह आयोजन करने जा रही है। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप प्रदान किया जा रहा है।
सुगम गायन, वादन व नृत्य
कोसम के तीसरे संस्करण में लोक नृत्यों की प्रस्तुति व स्थानीय कलाकारों का वादन, गायन भी रखा गया है। टीम अभिव्यक्ति ने बताया कि आकर्षक कार्यक्रमों की श्रृंखला में कोसम के मंच पर दोनो दिवस शास्त्रीय नृत्य, गायन वादन के साथ लोकगीतों की भी प्रस्तुति को जोड़ा गया है। इसमें राष्ट्रीय स्तर के कलाकार कोसम के मंच को गौरव प्रदान करेंगे।
विविध साहित्य परिचर्चा सत्र
कोरिया साहित्य महोत्सव के आयोजन को लेकर उत्साहित टीम अभिव्यक्ति ने बताया कि आयोजन के प्रथम दिवस परिचर्चा के लिए राज्य शासन के कुछ विभागीय प्रमुखों के अलावा बढ़ते साइबर अपराध पर सुरक्षा और सावधानी विषय पर विशेषज्ञ अपना व्याख्यान देने के लिए आ रहे हैं। दूसरे दिन साहित्य के मानकों पर बात करने के लिए प्रदेश स्तर पर शिक्षा जगत से जुड़े मूर्धन्य विद्वान अपनी सहमति दे चुके हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में लोककला, साहित्य और संस्कृति पर बात रखने के लिए वरिष्ठ साहित्यकार भी कोसम के मंच पर होंगे।
विराट कवि सम्मेलन
प्रदेश के ख्यापित साहित्य प्रेमियों के अलावा काव्य से अपनी अलग पहचान बना रहे युवा कवियों के साथ कई स्थापित कवि भी कोसम के मंच पर आमने सामने होंगे। इसके लिए दिल्ली, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश सहित अन्य कई स्थानों से लगभग एक दर्जन कवि कोसम के मंच पर काव्यपाठ करने के लिए आ रहे हैं। इन सभी स्थापित साहित्यकारों के अलावा सरगुजा से लेकर दुर्ग संभाग तक के लगभग 70 से ज्यादा कवि अपनी रचनाओं का पाठ करने के लिए कोसम के तीसरे संस्करण में सहभागिता करेंगे।
कई दिग्गजों से सजेगा मंच
कोरिया साहित्य महोत्सव का चौथा संस्करण दो दिवसीय होगा। इसमें प्रथम दिवस प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्यामबिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि की आसंदी पर विराजमान होंगे। विधायक भइयालाल, जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा सहित कई जनप्रतिनिधि अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। दूसरे दिन कोसम में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रभात मिश्रा मुख्य अतिथि होंगे। टीम अभिव्यक्ति ने बताया कि इस बार का आयोजन विशेष आकर्षणों से भरपूर होगा तथा इसमें साहित्यप्रेमियों, रचनाकारों को सम्मानित भी किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए साईंनाथ फाउंडेशन रायपुर के साथ, एसईसीएल बैकुण्ठपुर क्षेत्र भी सहयोग कर रहे हैं। कोरियावासियों को आयोजन में सहभागिता के लिए आमंत्रित करते हुए टीम ने बताया कि यह आयोजन प्रतिदिन दोपहर बाद तीन बजे से आरंभ होकर रात दस बजे तक अनवरत चलेगा। इसमें दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह से निशुल्क रखा गया है।




