संवाददाता अमनपथ राजूनाथ जोगी नगरी :छत्तीसगढ़ शासन और जिला प्रशासन की मानवीय पहल से धमतरी जिले के एक जरूरतमंद परिवार को बड़ी राहत मिली है। तहसील नगरी के ग्राम देवपुर निवासी जयलाल भरत के पुत्र पिछले 10–11 वर्षों से गंभीर अस्वस्थता से जूझ रहे हैं। लंबे समय से चल रही बीमारी के कारण परिवार को इलाज और अन्य खर्चों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
मामले का संज्ञान लेते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर पीड़ित परिवार को समुचित और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही, जिला कलेक्टर धमतरी द्वारा व्यक्तिगत रुचि लेते हुए इलाज व अन्य आवश्यक खर्चों के लिए राशि ₹20,000 की नकद आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की गई।
प्रशासन से मिली इस त्वरित मदद पर आभार व्यक्त करते हुए मरीज के पिता जयलाल भरत ने कहा कि शासन के इस सहयोग से उनके परिवार को बड़ा संबल मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और जिला कलेक्टर के प्रति हृदय से आभार जताया है। यह कदम दर्शाता है कि सरकार और प्रशासन आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील होकर त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए तत्पर हैं। मौके पर अनुविभागीय दंडाधिकारी नगरी और बीएमओ नगरी उपस्थित रहे l




