Home छत्तीसगढ़ 7 साल की बच्ची की हत्या से उबाल, कटघोरा में कैंडल मार्च;...

7 साल की बच्ची की हत्या से उबाल, कटघोरा में कैंडल मार्च; दोषी को कड़ी सजा देने की मांग

0

कटघोरा (कोरबा) :  छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सात वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना के विरोध में लोगों का आक्रोश सामने आया है। घटना से दुखी कटघोरा नगर के लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर मासूम को श्रद्धांजलि दी और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।

कैंडल मार्च जय स्तंभ चौक से शुरू होकर शहीद वीर नारायण सिंह चौक तक निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

नगर पालिका अध्यक्ष ने अपराधों पर जताई चिंता

कैंडल मार्च में कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल भी शामिल हुए। उन्होंने जिले में बढ़ते अपराधों को लेकर चिंता जताई और शासन-प्रशासन से मामले में दोषी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। मार्च में शामिल लोगों ने भी पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए न्याय की मांग उठाई।

इससे पहले, आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अदालत में पेश किए जाने के दौरान वकीलों द्वारा उसकी पिटाई किए जाने की बात भी सामने आई थी। खबर के मुताबिक, वकीलों ने आरोपी का मुकदमा नहीं लड़ने का ऐलान भी किया था।

मजदूरी के लिए कोरबा आया था परिवार

जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची का परिवार मूल रूप से सक्ती जिले का रहने वाला है। परिवार करीब चार महीने पहले अपने चार बच्चों के साथ मजदूरी करने के लिए कोरबा के रजगामार क्षेत्र में आया था।

बताया गया कि 19 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे बच्ची घर के पास स्थित राशन दुकान से घरेलू उपयोग का सामान लेने निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन बच्ची का पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

तीन दिन बाद झाड़ियों में मिला शव

बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने पर बालको थाना क्षेत्र की रजगामार चौकी पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और डॉग स्क्वायड की मदद से भी खोजबीन की।

करीब तीन दिन बाद, गुरुवार को बच्ची का शव करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिला। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए बालको क्षेत्र निवासी अमित चौहान को गिरफ्तार किया।

घटना के बाद कटघोरा में लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर मासूम को श्रद्धांजलि दी और मामले में जल्द न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। पुलिस की जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बीच अब लोगों की निगाहें मामले में आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here