सक्ती : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में महिला की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को हसौद पुलिस ने छह दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रंजीत धनुहार ग्राम खुर्सुला-बकलीपाली क्षेत्र के जंगल में छिपकर रह रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने 29 अक्टूबर 2026 की रात दबिश देकर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
23 अक्टूबर को दर्ज हुई थी शिकायत
पुलिस के अनुसार, ग्राम कैमरा निवासी अनिल विश्वकर्मा ने 23 अक्टूबर 2026 को हसौद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी बुआ लक्ष्मीन बाई विश्वकर्मा (46), निवासी ग्राम कैथा, का शव रामलाल कश्यप के खेत में मिला था।
रिपोर्ट के मुताबिक, मृतका की दो नाबालिग रिश्तेदारों ने शव देखे जाने की जानकारी परिवार को दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 22 अक्टूबर की रात खेत के पास कसीही पेड़ के नजदीक गांव के रंजीत धनुहार ने लक्ष्मीन बाई के साथ हाथ-मुक्कों और आग जलाने वाली लकड़ी से मारपीट की थी। बाद में शव को मृतका के घर की परछी में रखे जाने की बात भी शिकायत में कही गई थी।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर जंगल में दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और सुमित गुप्ता के मार्गदर्शन में पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।
इसी दौरान 29 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि रंजीत धनुहार ग्राम खुर्सुला-बकलीपाली, थाना बिलाईगढ़ क्षेत्र के जंगल में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर हसौद पुलिस की टीम ने रात में मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में हत्या करना स्वीकारने का दावा
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद में महिला के साथ हाथ-मुक्कों और जलाने वाली लकड़ी से मारपीट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस टीम की रही भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक विंटन साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक एवं थाना प्रभारी हसौद जयराम साहू, प्रधान आरक्षक राजेंद्र वारेन तथा आरक्षक राजेश यादव और राजू खुटे का विशेष योगदान रहा।
पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।




