जगदलपुर : छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 476 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 38 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तस्कर ओडिशा से गांजे की खेप लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, तस्करी की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई और गांजे की बड़ी खेप पकड़ी गई। मौके से गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही टाटा लोडिंग पिकअप और एक बाइक भी जब्त की गई है।
ओडिशा से उत्तर प्रदेश पहुंचाई जानी थी गांजे की खेप
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बस्तर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तस्करी के इस मामले का खुलासा किया। जब्त गांजे की मात्रा 476 किलोग्राम है, जिसकी कीमत करीब 2.38 करोड़ रुपये आंकी गई है।
सात आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी
मामले में गिरफ्तार सातों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इस तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है, ताकि गांजे की सप्लाई करने वाले स्रोतों से लेकर इसे खरीदने वाले लोगों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गांजे की खेप किन रास्तों से आगे भेजी जानी थी।
बस्तर पुलिस की इस कार्रवाई से गांजा तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




