सक्ती : दिवाली के अवसर पर सक्ती विधानसभा क्षेत्र को विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। विधानसभा क्षेत्र के विधायक और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने विधायक निधि से कुल 2 करोड़ 96 लाख रुपये के 74 विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है। इनमें दृष्टिबाधित बच्चों के लिए भवन निर्माण से लेकर गांवों में छतदार चबूतरे, मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय और मंगल भवन निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं विधायक प्रतिनिधि गिरधर जायसवाल ने बताया कि डॉ. महंत ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना से कार्यों की स्वीकृति के लिए सक्ती और जांजगीर-चांपा जिले के कलेक्टर को पत्र भेजा है। ये कार्य जनसंपर्क के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं, बूथ एवं मंडल पदाधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मांग पर प्रस्तावित किए गए हैं।
दृष्टिबाधित बच्चों के भवन के लिए 10 लाख रुपये
स्वीकृत कार्यों में दृष्टिबाधित बच्चों के लिए भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा सकरेली, गतवा, पालड़ी कला, डेरागढ़, सरवानी, रेडा, सर्जुनी, टेमर, सकरेली खुर्द, चमरा, बरपाली, मरकाम गोड़ी, परसदा खुर्द, लहंगा, गड़गोड़ी, खर्रीपारा, बेल्हाडीह और नंदौर खुर्द सहित विभिन्न गांवों में छतदार चबूतरा निर्माण के लिए प्रत्येक स्थान पर 2.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
ग्राम मसानिया खुर्द में आदिवासी समुदाय की मांग पर बूढ़ादेव स्थल के पास चबूतरा निर्माण के लिए 3 लाख रुपये दिए गए हैं।
मुक्तिधाम, प्रतीक्षालय और मंगल भवन के लिए भी राशि मंजूर
उपकछुवा, नवापारा खुर्द, रगजा, भद्रीपाली, कुरदा, पुटेकेला, अचानकपुर, बोकरामुड़ा, बैलाचुआ, जोगरा, पनारी, किरारी, नंदेली, आमापाली, बोरदा, बगबुड़वा, रैनखोल, कंदनारा, तुर्री, लिमतरा और सिंघनसरा सहित कई गांवों में मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय निर्माण के लिए प्रति कार्य 5 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
वहीं मोहगांव, जूनवानी, नवापारा कला, डोलनार, घुइछुआ और बोइरडीह में मंगल भवन निर्माण के लिए भी प्रत्येक कार्य हेतु 5 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
सारागांव सहित अन्य क्षेत्रों में भी होंगे निर्माण कार्य
जांजगीर-चांपा जिले के अंतर्गत आने वाले नगर पंचायत सारागांव में तीन छतदार चबूतरों के निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई है। नवीन बाजार में 8 लाख रुपये, सूर्यवंशी मोहल्ले में 3 लाख रुपये और वार्ड क्रमांक-1 में 3 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा लच्छनपुर में छतदार चबूतरा निर्माण के लिए 6 लाख रुपये, जबकि बालपुर, अमझर, कुम्हारी खुर्द, रिसदा, भगोडीह, बहेराडीह, संजय ग्राम, अफरीद और कोसमंदा में प्रत्येक स्थान पर 2.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सोनियापाठ और सिवनी में महामाया मंदिर के पास चबूतरा निर्माण के लिए 3-3 लाख रुपये दिए गए हैं।
पोड़िखुर्द, परसापाली, झिका, कड़ारी और गीदौरी में मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय तथा नवागांव, गुर्दा और महुदा महादी में मंगल भवन निर्माण के लिए प्रत्येक कार्य हेतु 5 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत झरना में श्रद्धा चबूतरा निर्माण के लिए 3 लाख रुपये, खम्हरिया में चबूतरा निर्माण के लिए 2 लाख रुपये और ग्राम पंचायत गहरीनमुंडा के आश्रित ग्राम जॉब में काली मंदिर के पास चबूतरा निर्माण के लिए 2.50 लाख रुपये की स्वीकृति के लिए पत्र भेजा गया है।
निर्माण कार्य शुरू होने पर जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने की अपील
विधायक प्रतिनिधि गिरधर जायसवाल ने निर्माण एजेंसियों और संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंचों से आग्रह किया है कि स्वीकृत कार्य शुरू कराते समय बूथ, मंडल, पंचायत और कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की मांगों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने डॉ. चरणदास महंत के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सक्ती विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।




