Home छत्तीसगढ़ नन्हें वैज्ञानिकों के नवाचार ने मोहा मन, विद्यार्थियों की प्रतिभा को मिला...

नन्हें वैज्ञानिकों के नवाचार ने मोहा मन, विद्यार्थियों की प्रतिभा को मिला मंच

0

विकासखंड शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार पांडे ने वैज्ञानिक मॉडलों की सराहना कर बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह, कहा- वैज्ञानिक चेतना और नवाचार से संवरेगा भविष्य

एमसीबी :  विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मक सोच एवं नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी एमसीबी के मार्गदर्शन तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनेंद्रगढ़ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने हुनर, कल्पनाशीलता और वैज्ञानिक सोच का शानदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे।कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विकासखंड शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार पांडे, सांख्यिकी अधिकारी अनिरुद्ध शुक्ला, एसएमडीसी अध्यक्ष आर.सी. राजवाड़े तथा संस्था के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी बलराज पाल द्वारा किया गया।

प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार पांडे ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए वैज्ञानिक मॉडलों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना जागृत करना ही ऐसे आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य है। जब बच्चे किताबी ज्ञान को प्रयोगों के माध्यम से व्यावहारिक रूप देते हैं, तब वास्तविक नवाचार की शुरुआत होती है। ऐसे प्रयास विद्यार्थियों की जिज्ञासा को नई दिशा देने के साथ उन्हें कुछ नया सोचने और सीखने के लिए प्रेरित करते हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की है। विज्ञान प्रदर्शनी जैसे आयोजन बच्चों में तार्किक सोच, अनुसंधान की प्रवृत्ति, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यही विद्यार्थी आगे चलकर अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार के माध्यम से देश के विकास में योगदान देंगे तथा विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार करेंगे। आयोजन में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान से जुड़े विभागीय सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नए प्रयोग करने और विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने का सार्थक अवसर प्रदान करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here