
छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों का शोर साथ-साथ चल रहा है. प्रदेश में आज त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए नाम वापसी का आखिरी दिन है. इसके साथ ही आज ही चुनाव चिन्ह भी प्रत्याशियों को बांट दिए जाएंगे. इसके बाद कल से गांवों में भी धुआंधार प्रचार शुरू हो जाएगा.
नाम ले सकते हैं वापस
प्रदेश में शहर से लेकर गांवों की सरकार बनाने के लिए प्रक्रिया चल रही है. नगरीय निकाय चुनाव के लिए नाम वापसी से लेकर सारी प्रक्रियाएं हो गई हैं. अब 11 फरवरी को वोटिंग होगी. जबकि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए आज 6 फरवरी को नाम वापसी की आखिरी तारीख है. जो प्रत्याशी चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं वे आज अपना नाम वापस ले सकते हैं.
इतने पदों के लिए होगी वोटिंग
इस चुनाव में 433 जिला पंचायत सदस्य, 2,973 जनपद पंचायत सदस्य, 11,672 ग्राम पंचायत सरपंच और 1,60,180 ग्राम पंचायत पंच के पदों के लिए वोटिंग होगी. त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल करवाया है. बता दें कि पंचायत चुनाव के लिए 17 फरवरी, 20 फरवरी और 23 फरवरी इन तीन चरणों में वोटिंग होगी.



