
बांदा : कानपुर में ऑपरेशन कराकर जबरन किन्नर बनाने के बहु चर्चित मामले में पुलिस ने आरोपी किन्नर कैटरीना को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जबकि अन्य मुकदमों में पुलिस अभी छानबीन कर रही है।विवेचक को कानपुर के अस्पताल में शिकायत करने वाले पीड़ित का ऑपरेशन कराए जाने का साक्ष्य मिला था, जिसके बाद ऑपरेशन करने वाले कानपुर के चिकित्सक डॉ. पुनीत का नाम भी पुलिस ने विवेचना में शामिल किया है। आरोपी चिकित्सक भी पुलिस की कार्रवाई के घेरे में हैं। किन्नर बनाने के आरोप मामले के अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
साल की शुरुआत से सुर्खियों में आया विवाद
जांच में मिले ऑपरेशन कर किन्नर बनाने के सबूत
अतर्रा थाने में दर्ज कराए गए मुकदमों को लेकर विवेचक नौबस्ता के कानपुर अस्पताल गए थे, जिसमें अतर्रा थाना प्रभारी कुलदीप तिवारी के मुताबिक विवेचक को पीड़ित किन्नर शिवाकांत का ऑपरेशन डाॅ. पुनीत की ओर से किए जाने के साक्ष्य मिले हैं, लेकिन चिकित्सक अब वहां से काम छोड़ चुके हैं।इससे ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक का नाम भी विवेचना में शामिल किया गया है। साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस तेजी से आरोपी किन्नर धीरो उर्फ कैटरीना की तलाश करती रही है। उसके फरार होने से पुलिस ने मुखबिरों की मदद ली।
घर के नजदीक से गिरफ्तार हुई कैटरीना
मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी कुलदीप तिवारी ने एसआई शिवकुमार सिंह, एसआई प्रदीप सोनी ने हमराहियों के साथ आरोपी किन्नर कैटरीना को उसके घर के नजदीक से मंगलवार को गिरफ्तार किया।थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़ा गया किन्नर कहीं भागने की फिराक में था। उसका मेडिकल परीक्षण कराने के साथ न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेजा गया है।



