11 मार्च 2025:- धर्म शास्त्रों के अनुसार यदि आप अपने घर में तुलसी का पौधा लगा रहे हैं तो उससे जुड़े नियमों का जरूर पालन करें. हिंदू धर्म में तुलसी को पूजनीय स्थान दिया गया है और इसका पूजन करने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं. जिस घर में तुलसी का विधि-विधान से पूजन होता है वहां मां लक्ष्मी का वास होता है और कभी भी धन की कमी नहीं होती. लेकिन वास्तु शास्त्र में तुलसी के पास कुछ पौधो को रखना अशुभ माना गया है. अक्सर लोग जानकारी की कमी के कारण तुलसी के पौधे के साथ कुछ ऐसे पौधे लगा देते हैं, जिन्हें एक साथ नहीं रखना चाहिए. वास्तु शास्त्र के अनुसार आपकी यह छोटी सी गलती बहुत भारी पड़ सकती है. इसकी वजह से आपको धन हानि हो सकती है और घर में बरकत भी रुक जाती है. आइए जानते हैं तुलसी के पास कौन-से पौधे लगाना अशुभ होता है?
शमी का पौधा:- घर में जिस जगह तुलसी का पौधा लगा है वहां गलती से भी शमी का पौधा न लगाएं. यदि घर में तुलसी और शमी दोनों पौधे हैं तो कम से कम इनमें 5 फीट की दूरी होनी चाहिए. तुलसी के पौधे के साथ शमी का पौधा रखने से आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है.
कांटेदार पौधे:- तुलसी के पौधे के साथ कैक्टस का पौधा भी नहीं लगाना चाहिए. बता दें कि यह पौधा कांटेदार होता है और इसे नेगेटिव पौधा माना जाता है. वही इस पौधे को राहु केतु का प्रतीक भी मानते हैं. राहु केतु की सही दिशा दक्षिण-पश्चिम होती है. जबकि तुलसी का पौधा पूर्वोत्तर में रखा जाता है. इसलिए इन दोनों को कभी भी आसपास नहीं रखना चाहिए. इन दोनों को एक साथ रखने से तुलसी के पौधे की एनर्जी खत्म हो सकती है.
आक का पौधा:- कभी भी आक के पौधे के साथ तुलसी का पौधा नहीं लगाना चाहिए. ऐसा इसलिए क्योंकि कभी-कभी आक के पौधे से दूध निकलता है और वह दूध यदि तुलसी के पौधे पर गिर जाए तो इससे तुलसी का पौधा खराब होने का जोखिम बढ़ जाता है.



