नई दिल्ली: दिल्ली के आनंद विहार इलाके में झुग्गी-झोपड़ियों में आग लगने की घटना सामने आई है. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. घटना सुबह 2 बजकर 15 मिनट की बताई जा रही है. आग में एक गैस सिलेंडर भी फटने की सूचना है. फिलहाल दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है. घटनास्थल का निरीक्षण दमकल विभाग, क्राइम टीम और एफएसएल की टीमें कर रही हैं.
फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार में एजीसीआर एन्क्लेव के पास एक अस्थायी टेंट में भीषण आग लगने से तीन लोगों की जलकर मौत हो गई है. दिल्ली अग्निशमन सेवा को मंगलवार सुबह 2:22 बजे एक फायर कॉल मिली जिसके बाद तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, आग पर 2:50 बजे तक काबू पा लिया गया.
सुबह 3:10 बजे स्टेशन अधिकारी फिरोज ने पुष्टि की, कि टेंट के अंदर से तीन जले हुए शव बरामद किए गए हैं.पुलिस की मानें तो मृतकों की पहचान जग्गी (30) और उनके भाई श्याम सिंह (40) और कांता प्रसाद (37) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के औरैया के रहने वाले थे और यहां मजदूरी करते थे. उन्होंने बताया कि आग के कारण दम घुटने से तीनों की मौत हुई है. पुलिस की ओर से ये भी बताया गया कि मृतक और एक अन्य मजदूर, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) में काम करते थे और मंगलम रोड पर डीडीए प्लॉट के पास स्थित अस्थायी टेंट में रहते थे.
पूछताछ में पता चला कि मृतक आईजीएल कंपनी के अस्थाई मजदूर थे. वह वह रात में टेंट में ताला लगा कर रखते थे और अंदर रोशनी के लिए डीजल की डिबीया जलाते थे. घायल नितिन सिंह ने बताया कि रात 2 बजे श्याम सिंह ने टेंट में आग देखी और उसे जगाने के लिए कहा. श्याम सिंह ने टेंट से भागने के लिए ताला खोलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका. नितिन सिंह टेंट से भागने में कामयाब रहा, जबकि अन्य भागने में असफल रहे और आग में फंस गए. जग्गी, श्याम सिंह और कांता जल गए और उनकी मौत हो गई. बता दें नितिन सिंह के पैर में चोट आई और वो मामूली घायल है. आग में एक गैस सिलेंडर भी फटने की सूचना है. दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है. फायर ब्रिगेड, क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है.



