Home छत्तीसगढ़ राज्यपाल रमेन डेका ने ग्राम सरगोड़ के एसएस फॉर्म का किया औचक...

राज्यपाल रमेन डेका ने ग्राम सरगोड़ के एसएस फॉर्म का किया औचक निरीक्षण

0

राधेश्याम सोनवानी गरियाबंद :- राज्यपाल रमेन डेका आज एक दिवसीय गरियाबंद जिला प्रवास के तहत विकासखंड फिंगेश्वर अंतर्गत ग्राम सरगोड़ पहुंचे। उन्होंने गांव में संचालित एसएस फॉर्म का औचक निरीक्षण किया। राज्यपाल श्री डेका ने फॉर्म में उन्नत तकनीक एवं नई पद्धति से किये जा रहे मछली पालन, मुर्गी पालन एवं हैचरी का अवलोकन किया। उन्होंने फॉर्म में विकसित किये गए तालाब एवं बड़ी-बड़ी टंकियों में किये जा रहे मछली उत्पादन का विस्तृत जायजा लिया। राज्यपाल को फॉर्म के संचालक ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि तीन टन क्षमता के आठ टंकियों में मछली पालन किया जा रहा है। नई तकनीक में मछलियों को टंकियों में ही चारे एवं शुद्ध फिल्टर युक्त पानी प्रदान किया जाता है। जिससे मछलियों को विकास के लिए पर्याप्त शुद्ध पानी एवं पौष्टिक चारा मिल जाता है।

इसके ऑक्सीजन एवं वॉटर सप्लाई के लिए अत्याधुनिक मशीने भी लगाई गई है। इन तकनीकों का उपयोग करके मछली का अधिक उत्पादन होता है। साथ ही मछली पालक संचालक को अधिक आमदनी भी होती है। राज्यपाल श्री डेका ने नई तकनीक से मछली पालन देखकर जिले के किसानों को भी इनसे प्रेरणा लेते हुए आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने मौके पर मौजूद मछली पालन विभाग के सहायक संचालक को नई तकनीक की जानकारी किसानों तक पहुंचाने एवं उन्हें उन्नत विधि से मछली पालन के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिये। राज्यपाल श्री डेका ने एसएस फॉर्म में उन्नत तकनीक से किये जा रहे मुर्गी पालन एवं हैचरी उत्पादन का भी अवलोकन कर तकनीक को लोगों के लिए प्रेरणादायक बताया। इस दौरान विधायक रोहित साहू, कलेक्टर बीएस उइके, जिला पंचायत सीईओ जीआर मरकाम सहित एसएस फॉर्म के संचालक एवं विभागीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here