11 मई 2025:- ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे सैन्य टकराव पर विराम लग गया है. शनिवार शाम पांच के बाद से दोनों देशों के बीच कोई फायरिंग या फिर ड्रोन हमला नहीं हुआ है. ऐसे दोनों देशों की सेनाओं की ओर से दावा किया गया है. अगर बात ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पाकिस्तान के नुकसान की करें तो वो कोई छोटा मोटा नहीं है. कंगाल पाकिस्तान को सिर्फ शेयी बाजार में 80 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हो चुका है. अभी तक बाकी किसी नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है. जैसे पाकिस्तान के कितने विमान और ड्रोन ध्वस्त हुए.
पाकिस्तान के शेयर बाजार में इस बड़े नुकसान की वजह से वहां के निवेशकों को भी मोटा नुकसान हुआ है. ये नुकसान 80 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का बताया जा रहा है. जोकि कराची स्टॉक एक्सचेंज की वैल्यूएशन के हिसाब से काफी ज्यादा है. आंकड़ों के अनुसार, 6 मई को जब केएसई बंद हुआ तो उसकी वैल्यूएशन 50.67 अरब डॉलर थी. उसके बाद ऑपरेशन सिंदूर शुरू हुआ और 9 मई को शेयर बाजार बंद होने के बाद केएसई 100 की वैल्यूएशन गिरकर 47.82 अरब डॉलर पर आ गई. इसका मतलब है कि तीन दिनों में निवेशकों को 2.85 अरब डॉलर का नुकसान हुआ. जिसे पाकिस्तानी रुपए में कैलकुलेट करें तो 80 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा देखने को मिला है.
पाकिस्तान को यहां भी हुआ नुकसान
भारत की ओर से किए गए हमलों से पाकिस्तान में आतंकवादी शिविरों के अलावा, अन्य नुकसान भी हुए हैं; जिसमें मुजफ्फराबाद में एक मदरसा और एक मस्जिद शामिल है. पाकिस्तानी सरकार को क्षतिग्रस्त हुई नागरिक संपत्तियों की मरम्मत और मुआवज़े पर खर्च करना होगा. जिसकी वजह से पाकिस्तान के खजाने और उसकी इकोनॉमी पर दबाव देखने को मिलेगा. पाकिस्तान ने अपनी सेना को हाई अलर्ट पर रखा और अपनी सीमित जवाबी कार्रवाई करके जवाब दिया. लड़ाकू स्क्वाड्रन, एयर डिफेंस यूनिट्स को जुटाने और सैनिकों को सीमा पर ले जाने की कॉस्ट काफी ज्यादा होगी. हाई टेंशन के दौरान ईंधन, रखरखाव और रसद कॉस्ट भी इकोनॉमी पर दबाव डालती है. भारत की कूटनीतिक और आर्थिक कार्रवाइयों ने पाकिस्तान को एक हद तक अलग-थलग कर दिया है. भारतीय बाजार तक पहुंच (यद्यपि सीमित) खत्म होने से सीमेंट, फल और कपड़ा जैसे उत्पादों के पाकिस्तानी निर्यातकों को नुकसान पहुंच रहा है, जिन्हें पहले भारत में खरीदार मिलते थे. हालांकि, इससे भी ज़्यादा नुकसान पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को हुआ है.



