आंखें हमारे चेहरे का सबसे खूबसूरत हिस्सा होती हैं. वहीं, आंखों की इस खूबसूरती को और बढ़ाने के लिए ज्यादातर महिलाएं काजल लगाना पसंद करती हैं. अगर आप भी इन्हीं महिलाओं में से हैं, तो ये आर्टिकल आप ही के लिए है. बता दें कि हर रोज आंखों में काजल लगाने की आपकी ये आदत आपको एक साथ कई नुकसान पहुंचा सकती है. आइए डर्माटोलॉजिस्ट से जानते हैं इस बारे में विस्तार से, साथ ही जानेंगे काजल लगाते समय किन बातों को ध्यान में रखना जरूरी है.
काजल लगाने से झेलने पड़ सकते हैं ये नुकसान
1- डार्क सर्कल्स:- डर्मेटोलॉजिस्ट के मुताबिक, बाजार में मिलने वाले ज्यादातर काजल में कार्बन पार्टिकल्स और हैवी मेटल्स होते हैं, जो समय के साथ आंखों के नीचे जमा हो सकते हैं और डार्क सर्कल्स का कारण बन सकते हैं.
2- बढ़ सकती हैं झुर्रियां:- डॉक्टर प्रियंका रेड्डी बताती हैं, रोज काजल लगाने से आपके चेहरे पर झुर्रियां बढ़ सकती हैं. जब आप काजल लगाने के बाद इसे साफ करते हैं, तो ज्यादातर महिलाएं कॉटन पैड या टिशू पेपर से आंखों के नीचे स्किन को जोर से रगड़ने लगती हैं, इससे स्किन फाइबर और कोलेजन ब्रेक हो जाता है और झुर्रियों की परेशानी बढ़ने लगती है.
3- इंफेक्शन:- इन सब से अलग डर्मेटोलॉजिस्ट बताती हैं कि रोज काजल लगाने से आंखों में गंभीर इंफेक्शन भी हो सकता है. काजल के पार्टिकल्स आंखों के पोर्स को क्लॉग कर सकते हैं, जिससे आंखों के नीचे पहले छोटे-छोटे दाने बन सकते हैं, साथ ही गंभीर मामलों में ये इंफेक्शन का कारण भी बन सकता है.
तो क्या नहीं लगाना चाहिए काजल:- इस सवाल का जवाब देते हुए डर्मेटोलॉजिस्ट बताती हैं, आप कभी-कभी काजल लगा सकते हैं, लेकिन रोज ऐसा करने से बचें. इससे अलग आप आंखों को बड़ा दिखाने के लिए लाइनर का इस्तेमाल कर सकती हैं. हालांकि, इसे भी साफ करते हुए आंखों को रगड़े नहीं. इससे अलग क्लींजिंग बाम का इस्तेमाल करते हुए धीरे-धीरे लाइनर को साफ करें.



