Home छत्तीसगढ़ साइबर ठगी मामले में बड़ी कार्रवाई : दो युवक गिरफ्तार, 8 करोड़...

साइबर ठगी मामले में बड़ी कार्रवाई : दो युवक गिरफ्तार, 8 करोड़ से अधिक का लेन-देन, आरोपियों के खिलाफ दर्ज हैं 126 शिकायतें

0

सक्ती: ऑनलाइन साइबर ठगी के मामले में सक्ती पुलिस ने जिले के दो युवकों काे गिरफ्तारी किया है. दोनों युवक ठगी का रकम इधर-उधर करने साइबर ठगों को बैंक अकाउंट उपलब्ध कराते थे.

दोनों के खाते में करोड़ों रुपए का लेन-देन हुआ है. पुलिस के मुताबिक इन आरोपियों के खिलाफ देशभर में 126 शिकायतें हुई है. दोनों को 8 राज्यों की पुलिस ढूंढ रही थी.

सक्ती एसडीओपी मनीष कुंवर ने बताया कि भारत सरकार के समन्वय पोर्टल पर साइबर ठगी से जुड़े संदिग्ध खाते पर कार्यवाही के लिए जानकारी प्राप्त हुई थी. उच्च अधिकारियों के निर्देश पर जांच शुरू की गई. जांच में म्यूल खाता धारक सक्ती निवासी सौरभ अग्रवाल उर्फ चीनू के पीएनबी खाते में 14 जनवरी 2024 से 30 जनवरी 2024 तक कुल 3,48,73,171 रुपए संदिग्ध रूप से लेन देन करना पाया गया है. सक्ती थाने में सौरभ अग्रवाल उर्फ चीनू के विरुद्ध धारा 420 आईपीसी का अपराध दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि उक्त खाते का सत्यापन पीएनबी बैंक से प्राप्त दस्तावेज एवं आरोपी से उसके चालू खाता की चेक बुक और एटीएम जब्त कर की गई है. कई अन्य जानकारी बैंक से प्राप्त करना शेष है.

सौरभ के खिलाफ 5 राज्यों में 60 से ज्यादा शिकायत

पुलिस ने बताया कि आरोपी सौरभ अग्रवाल के विरुद्ध देश के 5 राज्यों में कुल 60 साइबर ठगी संबंधी शिकायतें हुई है. हरियाणा, राजस्थान, कर्नाटक और तेलंगाना में ठगी तथा छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा में ऑनलाइन सट्टा का अपराध दर्ज है. एसडीओपी मनीष कुंवर ने बताया कि समन्वय पोर्टल के अनुसार फर्स्ट लेयर म्यूल अकाउंट होल्डर सौरभ अग्रवाल की सहभागिता साइबर ठगी में पाए जाने और आरोपी द्वारा आरोप स्वीकार करने, पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमाड प्रस्तुत कर जेल दाखिल किया गया है.

निखिल के खिलाफ 66 शिकायतें, 3 राज्यों में अपराध दर्ज

इसी प्रकार चरौदा निवासी निखिल कर्ष के पीएनबी बैंक खाते में 11/1/24 से 30/1/24 तक कुल 5,43,62,525 रुपए संदिग्ध रूप से लेन-देन पाया गया था. इस पर थाना सक्ती में धारा 420 आईपीसी का अपराध दर्ज किया गया. उक्त खाते के विरुद्ध देश में 66 साइबर शिकायतें और पश्चिम बंगाल, बिहार और कर्नाटक में कुल 05 मामले दर्ज हैं. फर्स्ट लेयर म्यूल अकाउंट धारक निखिल कर्ष को साक्ष्य के आधार पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड प्राप्त किया गया है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here