Home देश कहीं भीषण लू तो कहीं बारिश का अलर्ट, जानिए दिल्‍ली-NCR में कब...

कहीं भीषण लू तो कहीं बारिश का अलर्ट, जानिए दिल्‍ली-NCR में कब से होगी बरसात?

0

दिल्‍ली:- देश के अलग-अलग हिस्‍सों में मौसम का म‍िजाज बदला हुआ सा है. कहीं तेज बारिश का दौर चल रहा है तो कहीं भीषण लू कहर बरपा रही है. वहीं, कहीं पर उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल है. इस साल समय से पहले केरल में आया मॉनसून कुछ राज्‍यों में एंट्री कर चुका है, लेकिन अभी इसका व्‍यापक विस्‍तार नहीं हुआ है. ऐसे में आइए जानते हैं भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, किन राज्‍यों में बारिश होगी और कहां लोगों को अभी गर्मी सहन करनी पड़ेगी और दिल्‍ली-एनसीआर में बारिश कब शुरू होगी.

मौसम वि‍भाग के अनुसार,11 जून तक पश्चिमी राजस्थान में भीषण लू चलने की संभावना है और अगले 4 दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड को छोड़कर उत्तर-पश्चिम भारत के बाकी ह‍िस्‍सों में भी भीषण लू की स्थिति रहने की संभावना है. वहीं, 10 जून से दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत, पश्चिमी तट और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश के साथ बारिश की गतिविधि बढ़ने वाली है. इसके अलावा 13 जून से कर्नाटक और केरल में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं.

दिल्‍ली-एनसीआर में कब होगी बारिश:- वहीं, अगर राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली और एनसीआर के मौसम की बात करें तो अभी यहां के लोगों को 2-3 दिन और तेज गर्मी का प्रकोप सहन करना होगा. मौसम व‍िभाग के अनुसार यहां 12 और 13 जून को बारिश हाे सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से मिलेगी. आज के तापमान की बात करें तो यहां न्‍यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और अध‍िकतम 44 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का अनुमान है और अगले दो दिन इसमें अधि‍क बदलाव की संभावना नहीं है.

दक्षिण में इन इलाकों में बारिश के आसार:- अगले 7 दिनों के दौरान केरल और माहे, तटीय कर्नाटक, लक्षद्वीप में कई/कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 12 जून तक तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, तमिलनाडु पुडुचेरी और कराईकल में गरज, बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज़ हवाएं चलने के साथ कुछ या छिटपुट जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके अलावा आज और कल आंतरिक कर्नाटक में बारिश होने की संभावना है.

पूर्वोत्‍तर राज्‍यों में बारिश-हवा का अलर्ट:- अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में कई या कुछ जगहों पर हल्की या मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है. 11-14 जून के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में और 10-13 जून के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश हो सकती है. वहीं, 12 जून तक त्रिपुरा में गरज, बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने के साथ कुछ या छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here