
राजस्थान :- राजस्थान के टोंक जिले से एक खबर सामने आई है। मंगलवार को टोंक शहर स्थित बनास नदी में नहाते समय 8 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा पुराने फ्रेजर ब्रिज के पास हुआ। अचानक गहरे पानी में फंसने से एक के बाद एक युवक डूबने लगे और देखते ही देखते आठ जिंदगियां पानी में समा गईं। बता दें कि युवकों को अंदाजा नहीं था कि जहां वे नहा रहे हैं, वहां पानी अचानक गहरा हो जाता है। एक युवक जब गहराई में डूबने लगा, तो बाकी उसे बचाने दौड़े, लेकिन खुद भी फंसते चले गए। देखते ही देखते पूरा नजारा चीख-पुकार में बदल गया।
स्थानीय लोगों और प्रशासन की तत्परता से तीन युवकों को बचा लिया गया, जिन्हें तुरंत टोंक सआदत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, तीनों की हालत अब स्थिर है और इलाज जारी है। मौके पर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान स्वयं पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मीडिया को बताया कि प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि सभी युवक जयपुर निवासी थे और टोंक पिकनिक मनाने आए थे। नहाने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वे गहरे पानी में चले गए। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई है। मृतकों के परिजन जैसे ही वहां पहुंचे, पूरा माहौल गमगीन हो गया। हर तरफ आंसू, चीखें और मातम का माहौल बना हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं टोंक प्रशासन राहत व रेस्क्यू कार्य में जुटा हुआ है।



