Home छत्तीसगढ़ कोंडागांव को सुंदर, व्यवस्थित और विकसित शहर बनाना मेरी पहली प्राथमिकता –...

कोंडागांव को सुंदर, व्यवस्थित और विकसित शहर बनाना मेरी पहली प्राथमिकता – लता उसेंडी

0

कोण्डागांव:- बस्तर प्रधिकरण उपाध्यक्ष व कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा है कि कोंडागांव को एक सुंदर, स्वच्छ, व्यवस्थित और पर्यटन के अनुकूल शहर बनाना उनकी शीर्ष प्राथमिकता है। इसी क्रम में रविवार को फॉरेस्ट विश्रामगृह में नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि वर्तमान में कोंडागांव नगर के नहरपारा तालाब और बंधा तालाब का सौंदर्यीकरण कार्य जारी है। इन दोनों स्थानों को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है ताकि स्थानीय लोगों को मनोरंजन की सुविधाएं मिलें और साथ ही जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिले। उन्होंने यह भी बताया कि तालाबों के आसपास गार्डन निर्माण, बैठने की व्यवस्था, लाइटिंग और स्वच्छता की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।

बैठक में विधायक ने नगर के सभी वार्डों की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, पानी की निकासी, साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की दिशा में नगर पालिका को प्रभावी रूप से काम करना होगा। नागरिकों की बुनियादी जरूरतें पूरी हों, यह सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें।
इस बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, पार्षद दिपेश अरोड़ा, जितेंद्र सुराना, कुलवंत चहल सहित नगर पालिका अधिकारी दिनेश डे, एसडीओ, इंजीनियर और टाउन प्लानर भी उपस्थित रहे। सभी ने शहर के विकास के लिए चल रही परियोजनाओं की जानकारी दी और आगामी योजनाओं पर सुझाव साझा किए।

विधायक ने कहा कि शहर का सुनियोजित विकास तभी संभव है जब सब मिलकर काम करें। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय, लोक निर्माण विभाग, पीएचई, बिजली विभाग और अन्य एजेंसियों के बीच समन्वय बहुत जरूरी है। सभी विभागों को मिलकर कार्य करना होगा ताकि योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे।

सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि कोंडागांव की पहचान केवल एक जिला मुख्यालय तक सीमित न रहे, बल्कि यह छत्तीसगढ़ के प्रमुख व्यवस्थित और आकर्षक शहरों में गिना जाए, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और कोंडागांव को भविष्य में पर्यटन और व्यापार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here