Home छत्तीसगढ़ छिन्दनार में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का सफल आयोजन, सैकड़ों...

छिन्दनार में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का सफल आयोजन, सैकड़ों ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ

0

एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा: धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत विकासखण्ड गीदम की ग्राम पंचायत छिन्दनार में आयोजित शिविर में ग्रामीण एवं आदिवासी समुदाय के पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर प्रदान किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत सदस्य ममता मण्डावी, जनपद अध्यक्ष गीदम शकुन्तला भास्कर, जनपद अध्यक्ष दंतेवाड़ा सुनीता भास्कर, जनपद उपाध्यक्ष गीदम दिनेश कौशल, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, ग्राम पंचायत छिन्दनार की सरपंच संध्या शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।विधायक चैतराम अटामी ने शिविर में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा, “धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से शासन की योजनाएं अब गांवों तक पहुंच रही हैं। यह संवेदनशील शासन का प्रतीक है। यह शिविर दर्शाता है कि इच्छाशक्ति और जनभागीदारी से योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है।

हमारी सरकार का संकल्प है कि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।”शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। राशन कार्ड के लिए 34 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 10 का निराकरण हुआ। किसान क्रेडिट कार्ड के 37 आवेदन स्वीकृत किए गए। जाति प्रमाण पत्र के 26, श्रम पंजीयन के 18, उद्यान विभाग के 4, जनधन खाता योजना के 15 और ई-श्रम कार्ड के 28 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका तत्काल निराकरण किया गया। इसके अतिरिक्त आयुष्मान भारत कार्ड, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, मातृ वंदना योजना, और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई की गई। आधार कार्ड अपडेट, आय प्रमाण पत्र, श्रम कार्ड, और बैंक खाता खोलने जैसी सेवाएं भी मौके पर प्रदान की गईं।शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहजनक भागीदारी दिखाई और शासन की सेवाओं के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्परता से सेवाएं प्रदान कीं। यह शिविर शासकीय योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने का एक प्रभावशाली उदाहरण बन गया, जो जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और जनता के सहयोग से जनकल्याण को सुनिश्चित करता है। आगामी दिनों में यह अभियान जिले की अन्य ग्राम पंचायतों में भी आयोजित होगा, ताकि हर पात्र हितग्राही तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here