एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा किरंदुल: एनएमडीसी लिमिटेड, हैदराबाद द्वारा विभिन्न रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस संदर्भ में खदान मजदूर संघ (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ), शाखा किरंदुल ने आर.एस.-01 के 221 और आर.एस.-02 के 276 पदों पर नियुक्ति के लिए बस्तर संभाग के शैक्षणिक संस्थानों से कक्षा 5वीं, 8वीं और 10वीं उत्तीर्ण स्थानीय अभ्यर्थियों को 20 अंक बोनस देने की मांग की है। इस मांग को लेकर संघ ने एनएमडीसी के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक के नाम किरंदुल परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक संजीव साही को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन की प्रतिलिपि कैबिनेट मंत्री व दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री, बस्तर सांसद, दंतेवाड़ा विधायक, दंतेवाड़ा कलेक्टर और मुख्य महाप्रबंधक, किरंदुल को भी प्रेषित की गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान खदान मजदूर संघ के अध्यक्ष बी. दिल्ली राव, सचिव महेंद्र कुमार, राजेंद्र यादव, दानेश्वर जोशी, उपेंद्र त्रिपाठी, सुधा बाघ, सूरमा दास, दिव्या चुन्नम और नितेश उपस्थित थे।संघ ने बताया कि किरंदुल और बचेली परियोजनाओं में भर्ती के लिए स्थानीय अभ्यर्थियों को परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है, जो एक सराहनीय कदम है। हालांकि, पिछली भर्तियों के दौरान सोशल मीडिया और अन्य स्रोतों के माध्यम से प्रशिक्षण में दी गई प्रश्नोत्तरी के यूट्यूब और अन्य प्लेटफॉर्म पर वायरल होने की जानकारी सामने आई थी। इससे प्रशिक्षण की गोपनीयता और उद्देश्य पर संदेह उत्पन्न हुआ, जिसका स्थानीय अभ्यर्थियों को नुकसान हो सकता है।
संघ ने कहा कि बस्तर जैसे सुदूरवर्ती और संवेदनशील क्षेत्र में शैक्षणिक संस्थानों व संसाधनों की कमी के कारण स्थानीय युवा महानगरों के अभ्यर्थियों से प्रतिस्पर्धा में पिछड़ जाते हैं। ऐसी स्थिति में स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने के लिए कक्षा 5वीं, 8वीं और 10वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को 20 अंक बोनस देने का प्रावधान सभी समस्याओं का समाधान कर सकता है। यह कदम स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसरों में बढ़त दिलाने में सहायक होगा।



