Home देश पति से ही मंगवाया जहर, फिर मुर्गा-भात में मिलाकर खिलाया, हत्या के...

पति से ही मंगवाया जहर, फिर मुर्गा-भात में मिलाकर खिलाया, हत्या के बाद नवविवाहिता गिरफ्तार

0
गढ़वा :  झारखंड के गढ़वा जिले के बाहोकुदर गांव में एक नवविवाहिता द्वारा अपनी शादी के 36वें दिन जहर देकर अपने पति को मार डालने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हैरान करने वाली बात यह है कि नवविवाहिता ने फसलों में लग रहे कीड़े मारने के बहाने अपने पति से ही जहर खरीदवाया था।इस मामले में पुलिस ने मंगलवार को आरोपित पत्नी सुनीता सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, इसी साल 11 मई, 2025 को बाहोकुदर गांव निवासी 22 वर्षीय बुधनाथ सिंह की शादी छत्तीसगढ़ के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुर निवासी रघुनाथ सिंह की बेटी सुनीता सिंह से हुई थी। शादी के बाद ससुराल आने के अगले दिन ही सुनीता मायके चली गई थी।
उसका कहना था कि पति पसंद नहीं है। दोनों परिवारों के बीच पंचायती के बाद 5 जून को सुनीता ससुराल आई। 14 को बुधनाथ और सुनीता बाजार घूमने गए थे। इसी दौरान फसलों के कीड़े मारने के नाम पर सुनीता ने पति से कीटनाशक खरीदवाया।15 जून की रात को मुर्गा-भात में कीटनाशक मिलाकर अपने पति को खिला दिया। जिससे बुधनाथ की मौत हो गई। इस मामले में मारे गए युवक की मां राजमती कुंवर ने पुलिस को आवेदन देकर अपनी बहू पर हत्या का आरोप लगाया।

हालांकि, सुनीता देवी का कहना था कि मेरी सास (राजमती देवी) मुझे मारना चाहती थी। उसने ही खाने में जहर मिलाया था। जहर मिला हुआ खाना मुझे देना था, लेकिन गलती से सास ने अपने बेटे को दे दिया।

रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह ने बताया कि मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की। शुरुआती पूछताछ में सुनीता ने अपनी सास पर ही जहर देने का आरोप लगाया था, लेकिन बाद में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here