खरोरा : ग्राम भूमिया, विकासखंड तिल्दा में स्वर्गीय श्रीमती सहोदरा बाई साहू की पुण्य स्मृति में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण यज्ञ सप्ताह, पोथी पाठ तथा वार्षिक श्रद्धा कार्यक्रम का भव्य समापन 28 जून को महाविसर्जन एवं श्राद्ध अनुष्ठान के साथ हुआ। यह आयोजन साहू परिवार द्वारा लगातार दो वर्षों से श्रद्धा व भक्ति भाव के साथ संपन्न किया जा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत 22 जून को वेदी पूजन व श्रीमद् भागवत पाठ के साथ हुई थी। सप्ताह भर चले इस आयोजन में ग्रामवासियों सहित क्षेत्र के अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। प्रतिदिन संध्या समय पर श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन हुआ, जिसमें कथावाचक के रूप में विख्यात पंडित श्री रामकृष्ण शुक्ला जी ने श्रीकृष्ण के उपदेशों एवं भागवत ज्ञान का सरस एवं भावपूर्ण प्रवचन किया।
अपने प्रवचन में उन्होंने कहा, “हर व्यक्ति को श्रीमद् भगवत गीता का श्रवण करना चाहिए और उसमें वर्णित ज्ञान को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। गीता का ज्ञान जीवन के सभी प्रकार के संकटों से मुक्ति दिलाता है और पापों का नाश करता है।”
उन्होंने यह भी बताया कि जब भगवान श्रीकृष्ण अपने स्वधाम को प्रस्थान कर गए, तब उन्होंने अपना समस्त तेज श्रीमद् भागवत ग्रंथ में समाहित कर दिया। यही कारण है कि यह ग्रंथ भगवान का साक्षात स्वरूप माना गया है।
कार्यक्रम के अंतिम दिन महाविसर्जन व श्रद्धा अर्पण के साथ समापन हुआ। आयोजन में प्रमुख रूप से श्री रामनाथ साहू, श्रीमती प्रतिमा साहू एवं परिवार के अन्य सदस्य—संतोष, पार्वती, मनोज, मोहिनी, डागेश्वर एवं आरती—ने सक्रिय भूमिका निभाई। ग्राम के समस्त गणमान्य नागरिकों व श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया। इस अवसर पर समस्त ग्रामवासियों ने धार्मिक आयोजनों में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया तथा साहू परिवार की इस सराहनीय पहल की सराहना की।



