
10 जुलाई 2025:- जम्मू जाने वाले रेल यात्रियों के लिए अहम खबर है। कठुआ रेल ट्रैक पर एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई। यह मालगाड़ी जम्मू से पंजाब जा रही थी। आज सुबह भारी बारिश और भूस्खलन के बाद जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में पटरी से उतर गई। यह घटना कठुआ के लखनपुर इलाके के पास भूस्खलन का मलबा रेलवे ट्रैक पर गिरने के बाद हुई
हालांकि गनीमत रही कि इस दाैरान कोई यात्री गाड़ी इसी ट्रैक पर नहीं थी वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सुबह करीब पांच बजकर 30 मिनट पर कठुआ-लखनपुर के बीच मालगाड़ी ट्रैक से उतर गई। रेलवे टीम यातायात बहाल करने के प्रयास में जुटी है। इस हादसे के कारण जम्मू से रवाना होने वाली ट्रेनों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है जबकि पंजाब और देश के अन्य हिस्सों से जम्मू की ओर आने वाली ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं। रेलवे ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और स्टेशन पर जानकारी लेने की अपील की है।



