

रूबी शैलेन्द्र सिंह का आह्वान: स्वच्छ भारत मिशन के तहत किरंदुल को बनाएं कचरा-मुक्त

किरंदुल और बचेली में श्मशान घाट की सफाई: पालिका और NMDC की संयुक्त पहल
एस एच अज़हर अमन पथ किरंदुल, : स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत शनिवार को किरंदुल नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में किरंदुल और बचेली के मुख्य मार्गों पर स्थित मुक्तिधाम की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। पालिका सीएमओ शशि भूषण महापात्र के साथ मिलकर अध्यक्ष ने किरंदुल नगर पालिका, बचेली नगर पालिका और NMDC परियोजना के सहयोग से एक समर्पित टीम गठित की। इस टीम ने जेसीबी मशीनों और मुरूम का उपयोग कर श्मशान घाटों की सफाई की और कचरे को हटाया।
अभियान में सभी जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान पार्षद यशोदा चुन्नम, थॉमस बाबू दुर्गम, अनिल मरकाम, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह, बचेली से हरीश शर्मा, विधायक प्रतिनिधि संदीप्ता मंडल सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।

पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने पर जोर देते हुए कहा, “त्योहारों के मौसम को देखते हुए सभी नागरिक कचरे को केवल नगर पालिका की कचरा एकत्रित करने वाली गाड़ियों में ही डालें। स्वच्छ भारत मिशन के तहत किरंदुल को स्वच्छ और सुंदर बनाना हमारा लक्ष्य है।” उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सफाई अभियान निरंतर और प्रभावी ढंग से चलता रहे, जिसमें किसी भी प्रकार की कमी न हो।इस अभियान के तहत न केवल श्मशान घाटों की सफाई की गई, बल्कि आम जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए भी कदम उठाए गए। यह पहल किरंदुल को स्वच्छ भारत मिशन के तहत एक आदर्श नगर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।



