प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ को लेकर करार जवाब दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत अपने किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं करेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को रूस के साथ तेल व्यापार करने के लिए भारत पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की थी। इस अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ के साथ अमेरिका ने अब भारत पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने पिछले हफ्ते भारत से आयात होने वाले सामानों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का ऐलान किया था। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि वे भारत पर रूस के साथ व्यापार करने के लिए अलग से जुर्माना लगाएंगे। जिसके बाद उन्होंने बुधवार को रूस के साथ व्यापार करने के लिए अलग से जुर्माने के रूप में भारत पर अलग से 25 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया।
किसानों, मछुआरों और डेयरी क्षेत्र से जुड़े लोगों के हितों से कभी समझौता नहीं करेगा भारत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में आयोजित एक सम्मेलन में हिस्सा लेते हुए कहा कि किसानों का हित भारत की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत किसानों, मछुआरों और डेयरी क्षेत्र से जुड़े लोगों के हितों से कभी समझौता नहीं करेगा। पीएम मोदी ने सम्मेलन में कहा, ”मुझे किसानों के हितों की रक्षा के लिए कीमत चुकानी पड़ेगी तो मैं इसके लिए तैयार हूं।”



