Home छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी भवन तोड़ने पहुंचे थे, मोहल्लेेवासियों ने रोका तो धमकाने लगे, पुलिस...

आंगनबाड़ी भवन तोड़ने पहुंचे थे, मोहल्लेेवासियों ने रोका तो धमकाने लगे, पुलिस ने भेजा जेल

0

रायगढ़ :  जूटमिल क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 34 विनोबानगर में संचालित आंगनबाड़ी की जमीन पर अपना आधिपत्य जताते हुए एक व्यक्ति ने जेसीबी मशीन से भवन को तोडऩा शुरू कर दिया था। इस बात को लेकर इस कदर बवाल मचा कि एसडीएम व महापौर को भी मौके पर पहुंचना पड़ा। तथाकथित भू-स्वामी ने पुसौर तहसीलदार के आदेश की प्रति दिखाते हुए शासकीय आंगनबाड़ी को उसकी जमीन में होना बताते हुए जमीन को खाली करवाना बताया। इस पर महापौर जीवर्धन चौहान भडक़ उठे और उन्होंने काम रोकने को कहा। बात इतने में भी खत्म नहीं हुई बल्कि उसने यह मामला वित्त मंत्री ओपी चौधरी के संज्ञान में होने का दावा किया और सीएम हाऊस से फोन आने की बात कह कर किसी अनजान व्यक्ति से महापौर की बात करा दी।

इस पर जीवर्धन चौहान ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी से फोन पर चर्चा की तथा वीडियो कॉलिंग में मोहल्लेवासियों से श्री चौधरी ने कहा कि किसी को इस तरह गुंडागर्दी नहीं करने दी जायेगी और मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने का उन्होंने निर्देश दिया है। स्थानीय वार्ड क्रमांक 34 विनोबा नगर में वर्ष 2001- 2002 में आंगनबाड़ी केन्द्र के भवन का निर्माण प्रशासन ने करया था। बताया जा रहा है कि इसके लिए जमीन मालिक ने स्वेच्छा से जमीन दान कर दी थी मगर उसकी किसी प्रकार से लिखा पढ़ी नहीं हुई थी। ऐसे में अब तक बिना किसी विवाद के विनोबानगर में आंगनबाड़ी केन्द्र का संचालन होता आ रहा था। वहीं वर्तमान में एक व्यक्ति द्वारा उक्त भूमि पर अपना मालिकाना हक जताते हुए आंगनबाड़ी केन्द्र को हटवा कर जमीन खाली कराने पुसौर तहसील में आवेदन दिया था।

वहीं तहसीलदार ने रामबाई पति माहितराम के नाम पर ग्राम छातामुरा के पटवारी हल्का नबंर 6 में खसरा नंबर 142/ 47, 142/50 में कुल 0.004 हेक्टेयर भूमि में बनाये गये आंगनबाड़ी को बेदखली का वारंट पारित करते हुए महिला एवं बाल विकास अधिकारी रायगढ़ को आंगनबाड़ी खाली कराने का नोटिस जारी किया था। इस नोटिस की प्रति लेकर कुछ लोग रविवार की सुबह विनोबानगर पहुंचे और आंगनबाड़ी का सामान बाहर निकालते हुए जेसीबी से उसे तोडऩा शुरू कर दिये। आंगनबाड़ी को तोड़ते देख मोहल्लेवासियों ने इसका विरोध किया लेकिन तोड़-फोड़ करवा रहे व्यक्तियों ने शासन का आदेश होना बताते हुए अपनी कार्रवाई जारी रखी। इस बात को लेकर वहां काफी हंगामा मच गया। वहीं आंगनबाड़ी तोडऩे की जानकारी मिलने पर पार्षद यादराम साहू भी मौके पर पहुंचे तो उन्हें भी वही जवाब मिला जिस पर यादराम साहू ने महापौर जीवर्धन चौहान से संपर्क किया।

वहीं जीवर्धन ने उक्त व्यक्तियों से फोन पर बातचीत की तो आगेनबाड़ी तोडऩे आये एक व्यक्ति ने कहा कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी के भी संज्ञान में यह मामला है आप चाहें तो उन्हें मेरे साथ कान्फ्रेंस में लेकर बातचीत कर सकते हैं। इस पर महापौर जीवर्धन चौहान तत्काल वार्ड क्रमांक 34 पहुंचे और मोहल्लेवासियों का समर्थन करते हुए कहा कि अवकाश के दिन शासकीय कार्रवाई कैसे हो रही है? यदि आप के पास तहसील न्यायालय का आदेश है तो फिर अचानक तोड़ फोड़ शुरू करने के बजाए वार्ड पार्षद और क्षेत्रवासियों से चर्चा कर उन्हें विश्वास में लेते हुए कार्रवाई करनी थी।

वहीं जीवर्धन ने रायगढ़ एसडीएम महेश कुमार शर्मा से इस सबंध में जानकारी मांगी तो उन्होंने ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं होना बताया और वे भी मौके पर पहुंचे। वहीं तोड़-फोड़ के विरोध में मोहल्लेवासी सडक़ पर उतर आये इस कार्रवाई का जमकर विरोध किया। कुछ लोगों द्वारा जमीन को अपने आधिपत्य की होना बताते हुए आंगनबाड़ी को तोडऩे के मामले में मोहल्लेवासियों ने जूटमिल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि इस मामले में जूटमिल पुलिस द्वारा तोड़ फोड़ में शामिल तीन व्यक्तियों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। जूटमिल थाना पुलिस ने आज सुबह संत विनोबा नगर स्थित आंगनवाड़ी भवन को तोडऩे पहुंचे तीन व्यक्तियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की।

वरिष्ठ अधिकारियों के नाम का धौंस दिखाकर मोहल्लेेवासियोंं को डराने और सरकारी संपत्ति पर तोड़फोड़ करने की कोशिश करने वाले व्यक्तियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा। सुबह दीपक महोबिया और मुकेश कुमार जैन, जेसीबी चालक फिदा हुसैन को लेकर आंगनवाड़ी भवन तोडऩे पहुंचे। मोहल्लेेवासियोंं ने जब विरोध किया तो उन्होंने कहा कि तहसील का आदेश है और तोड़फोड़ शुरू कर दी।

सूचना मिलने पर पहुंची और जांच में पाया कि अनावेदकों द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों का नाम लेकर दबाव बना रहे थे, जिससे मोहल्लेेवासियों से इनका वाद विवाद होने लगा मामले की गंभीरता को देखते हुए जूटमिल पुलिस ने भवन तोड़फोड़ कार्यवाही को रुकवा कर तत्काल अनावेदकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 174-413/ 2025, धारा 170, 126, 135 (3) बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया। आरोपियों को एसडीएम न्यायालय पेश कर जेल भेजा गया। जेल गए अनावेदक- दीपक महोबिया (40 वर्ष) पिता स्व. रामकृष्ण महोबिया, निवासी वार्ड क्रमांक 30, तमेरपारा, जिला दुर्ग (वर्तमान निवास-चांदनी चौक, सोनारपारा, रायगढ़) मुकेश कुमार जैन (48 वर्ष) पिता स्व. गोपीराम जैन, निवासी गोगा मंदिर के सामने थाना जूटमिल रायगढ़, फिदा हुसैन (29 वर्ष) पिता मोहम्मद सलीम निवासी दर्रीतालाब के पास थाना जूटमिल रायगढ़.

किसी की गुंडागर्दी नहीं चलने दी जायेगी- ओपी 

महापौर जीवर्धन चौहान द्वारा वित्त मंत्री ओपी चौधरी को फोन पर इस मामले की जानकारी दी गई जिस पर श्री चौधरी ने वीडियो कालिंग में क्षेत्र के लोगों से बातचीत करते हुए कहा कि किसी की भी गुंडागर्दी नहीं चलेगी। वहीं इस पूरे मामले में उन्होने जांच कर दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। साथ ही तोड़ फोड़ की कार्रवाई को भी तत्काल रूकवाने कहा।

सीएम हाऊस के नाम का भी किया उपयोग

जमीन खाली कराने आये एक अजय नाम शख्स ने सीएम हाऊस से फोन होने की बात कहते हुए महापौर जीवर्धन चौहान से बात कराई। इस संबंध में जीवर्धन ने बताया कि सीएम हाऊस से बोल रहा हूं, कह कर किसी अदिल नाम के व्यक्ति ने उससे बातचीत की थी। बताया जा रहा है कि आदिल धमतरी क्षेत्र का रहने वाला है और प्रापर्टी डीलर है। इसकी भी जांच करा कर कार्रवाई करवाई जावेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here