Home छत्तीसगढ़ जगह-जगह विराजमान हुए बप्पा, शहर-नगर और गांव में दिखा भारी उत्साह

जगह-जगह विराजमान हुए बप्पा, शहर-नगर और गांव में दिखा भारी उत्साह

0

मुंगेली :  गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर जिले के शहर, नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बप्पा का भव्य स्वागत कर श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाए। जगह-जगह स्थापित किए गए आकर्षक पंडालों में श्रद्धालु भारी संख्या में पहुंच रहे हैं और पूरे वातावरण में भक्ति व उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। गली-गली, चौक-चौराहों एवं मोहल्लों में बप्पा की प्रतिमाओं की एक दिन पहले शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़े, ताशा, डीजे और बैंड-बाजों की धुन पर लोग नाचते-गाते हुए बप्पा को पंडालों तक लेकर पहुंचे। जगह-जगह महिलाओं ने आरती उतारी और बच्चों ने फूलों की वर्षा कर गणपति बप्पा का स्वागत किया।

विधि-विधान से हुई स्थापना

सभी पंडालों में पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजन-अर्चना कर गणेश जी की स्थापना की गई। भजन, कीर्तन और आरती से वातावरण गुंजायमान रहा। श्रद्धालु पूरे उत्साह से बप्पा के दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं। कई सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा भी सार्वजनिक पंडालों में बप्पा का विराजमान किया गया है।

इस वर्ष और अधिक मांग में रहे बप्पा

प्रतिमा विक्रेताओं के अनुसार इस वर्ष जिले में गणेश प्रतिमाओं की मांग अन्य वर्षों की तुलना में अधिक रही। घर-घर और पंडालों में गणेश जी की स्थापना को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई। मूर्तिकारों ने भी अलग-अलग आकार और आकर्षक स्वरूप की प्रतिमाएँ तैयार की थीं, जिन्हें लोगों ने उत्साह से खरीदा।

भक्तिमय माहौल में सामाजिक एकता की झलक

गणेश उत्सव को लेकर न केवल हिंदू समाज बल्कि अन्य समुदायों के लोग भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं। जगह-जगह श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जा रहा है। युवा वर्ग आयोजन में विशेष भूमिका निभा रहा है और पंडालों की सजावट से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक की जिम्मेदारी संभाल रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

जिले के पुलिस प्रशासन द्वारा भीड़भाड़ वाले इलाकों एवं प्रमुख पंडालों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। नगर के मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने हेतु जवान तैनात किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

पूरे जिले में पर्व का उल्लास

मुंगेली जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण अंचलों तक गणेशोत्सव की धूम है। गांव-गांव में घरों के आंगन और चौपालों में गणेश जी की स्थापना कर ग्रामीण भक्ति गीत गा रहे हैं। वहीं नगर में बड़े-बड़े पंडाल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। गणेश उत्सव की इस पावन घड़ी में हर ओर “गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया” के जयकारों से वातावरण गूंज रहा है। श्रद्धालु विश्वास जता रहे हैं कि बप्पा की कृपा से जिले में सुख-समृद्धि और शांति बनी रहेगी। यह जानकारी सोशल मीडिया प्रचारक कोमल देवांगन मुंगेलिहा ने दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here