Home छत्तीसगढ़ अलास्का कंप्यूटर सेंटर मनेंद्रगढ़ में शिक्षक दिवस का भव्य आयोजन

अलास्का कंप्यूटर सेंटर मनेंद्रगढ़ में शिक्षक दिवस का भव्य आयोजन

0

मनेंद्रगढ़: अलास्का कंप्यूटर सेंटर में हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी शिक्षक दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस रंगारंग कार्यक्रम का आगाज संस्थान के संचालक मो. फिरोज मंसूरी एवं शिक्षकों विजय कुमार विश्वकर्मा, संदीप भारद्वाज, राजेश्वरी, इलियास खान, शहाबुद्दीन अंसारी, दिलीप कुमार, कंचन कोरी, रीता यादव व दीपिका शुक्ला द्वारा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात, छात्र-छात्राओं ने संचालक महोदय एवं सभी शिक्षकों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत छात्रा अनामिका के मधुर स्वागत गीत से हुई, जिसने पूरे वातावरण में भावनात्मक उत्साह भर दिया। इसके बाद छात्र राजवंत ने अपने भाषण में शिक्षकों के महत्व और उनके अनमोल योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “शिक्षक हमें न केवल पाठ्यक्रम पढ़ाते हैं, बल्कि जीवन की चुनौतियों का सामना करना और सही-गलत में फर्क करना भी सिखाते हैं।”

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के प्रति अपना आदर और प्यार व्यक्त करने के लिए कई सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम पेश किए। वसुधा, गुरप्रीत, अंशिका केवट, राजू और उर्मिला के नृत्य ने सभी का मन मोह लिया, वहीं अनामिका और दानियाल ने शिक्षकों के सम्मान में गीत गाकर तालियाँ बटोरीं। साथ ही, छात्रों ने शिक्षकों के लिए म्यूजिकल चेयर, म्यूजिकल बलून और हाफ डायलॉग जैसे खेलों का आयोजन कर उन्हें खूब हँसाया और उल्लास से भर दिया। छात्रों ने अपने गुरुओं को उपहार और शुभकामनाएँ देकर उनका आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में संचालक मो. फिरोज मंसूरी ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए संस्था में उनके अमूल्य योगदान के लिए धन्यवाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, उन्होंने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में विशेष भूमिका निभाने वाले स्वयंसेवकों— दीप्ती, स्नेहा, अंशु, अब्दुल, दीपेंद्र, अभय, मुस्कान, हासिम, अदिति एवं अन्य सहयोगी छात्र-छात्राओं की सराहना की।

मंच संचालन का जिम्मा अंशिका और राजवंत ने बखूबी निभाया। कार्यक्रम का समापन स्वयंसेवकों द्वारा आयोजित सामूहिक भोज के साथ हुआ, जिसमें सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here