Home छत्तीसगढ़ मुंगेली पुलिस परिवार द्वारा श्रीमद् भागवत कथा में श्रद्धांजलि व भक्ति रस...

मुंगेली पुलिस परिवार द्वारा श्रीमद् भागवत कथा में श्रद्धांजलि व भक्ति रस का आयोजन

0

मुंगेली :  जिले में पुलिस परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ कथा के चौथे दिन का आयोजन भावविभोर करने वाला रहा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, वरिष्ठ विधायक मुंगेली पुन्नूलाल मोहले, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक तथा पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल सम्मिलित हुए। आयोजन के दौरान उपस्थित अतिथियों ने शहीद एवं स्वर्गीय पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर शहीद जवानों के परिवारों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा गया कि समाज और देश की सुरक्षा के लिए पुलिस का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। व्यासपीठ पर विराजमान महाराज उमाकांत मिश्र एवं सूरज मिश्र द्वारा श्रीकृष्ण लीला एवं गोवर्धन पूजा प्रसंग का रसपूर्ण वर्णन किया गया। कथा श्रवण कर पुलिस परिवार एवं श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। भक्ति संगीत और भजन में जनसमूह ने उल्लासपूर्वक भाग लिया।

कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं ने सकाम व निष्काम कर्म, ज्ञान साधना, सिद्धि, भक्ति, मर्यादा एवं निर्गुण-सगुण रहस्यों का बोध प्राप्त किया। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि “पुलिस परिवार सदैव सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण में समर्पित है। हम ऐसे आयोजनों से शहीदों के त्याग को याद करते रहेंगे और उनके परिवारों के साथ सदैव खड़े रहेंगे।”

इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस परिवार की सक्रिय भूमिका रही। इस दौरान देवांगन समाज के जिलाध्यक्ष आनंद देवांगन, प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु देवांगन, दुर्गेश देवांगन भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here