Home छत्तीसगढ़ सट्टे में 35 लाख तक लेनदेन का खुलासा, भिलाई में 4 और...

सट्टे में 35 लाख तक लेनदेन का खुलासा, भिलाई में 4 और गिरफ्तार

0

दुर्ग :  मोबाइल फोन और व्हाट्सएप चैट के जरिए सट्टे का धंधा करने वाले गिरोह को वैशाली नगर पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 मोबाइल और 6 हजार रुपए नगद जब्त किए हैं। मोबाइल की जांच में करीब 35 लाख रुपए के दांव-पेच के सबूत मिले हैं। गिरोह का एक सदस्य पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसकी तलाश जारी है।

13 सितंबर की शाम पुलिस को सूचना मिली कि रामनगर मुक्तिधाम शासकीय स्कूल के पास कुछ लोग “कल्याण” और “राजधानी” नामक गेम में अंकों पर रुपए-पैसों का दांव लगाकर सट्टा खेल और खिला रहे हैं। टीम मौके पर पहुंची तो कुछ लोग पुलिस को देखते ही भागने लगे। घेराबंदी कर चार लोगों को पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम बताए आजम अहमद (35), विकास शर्मा (38), कुलेश्वर साहू उर्फ कुल्लु (45) और सुरज वर्मा (62)। सभी मिलकर ऑनलाइन सट्टा खेलते और खिलाते थे। इनके साथ रूआबांधा निवासी धनसिंह देवांगन भी शामिल था, जो मौके से फरार हो गया।

जांच में आरोपियों के मोबाइल से चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। व्हाट्सएप चैट में करीब 35 लाख रुपए के सट्टा लेन-देन दर्ज मिले। आरोपियों से एक कीपैड मोबाइल, तीन एंड्रॉइड मोबाइल और 6 हजार रुपए नगद जब्त किए गए। पुलिस ने चारों आरोपियों को 14 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। वहीं फरार आरोपी धनसिंह की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया और मोबाइल चैट के जरिए चल रहे ऐसे नेटवर्क पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here