
एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा, 18 सितंबर 2025: जिला पंचायत संसाधन केंद्र, दंतेवाड़ा में 16 से 18 सितंबर 2025 तक आयोजित तीन दिवसीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद पंचायत दंतेवाड़ा के अंतर्गत नवनिर्वाचित ग्राम पंचायत सरपंचों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सरपंचों को उनके कर्तव्यों, अधिकारों और विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था, ताकि वे अपने क्षेत्र में प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।
प्रशिक्षण के दौरान छत्तीसगढ़ पंचायतीराज अधिनियम, त्रिस्तरीय पंचायत संरचना, ग्राम पंचायत के कृत्य, सरपंच की शक्तियां, ग्राम सभा, पंचायत बैठकों का संचालन, स्थायी समितियां, पेसा कानून, GPPFT गठन, 9 LSDG थीम, PAI-2.0, ग्राम पंचायत के कर और शुल्क, ई-ग्राम स्वराज पोर्टल, 15वां वित्त आयोग, मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना, जिला व जनपद पंचायत विकास निधि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी। सरपंचों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में पंचायत विभाग के उप संचालक, जिला अंकेक्षक, सहायक आंतरिक लेखा परीक्षक, करारोपण अधिकारी, जिला संकाय सदस्य और नीति आयोग के सहयोगी पीरामल फाउंडेशन, दंतेवाड़ा के कर्मचारी उपस्थित रहे। यह प्रशिक्षण सरपंचों के लिए ग्रामीण विकास और पंचायतीराज व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।



