
मुंगेली : अचानकमार अभ्यारण्य के सुदूर वनग्राम बिसौनी स्थित प्रयास वनवासी पाठशाला में प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन के तत्वावधान में गुरुवार 25 सितंबर को स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में एम.एस. सर्जन डॉ. रूपेश साहू ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉ. साहू अपनी धर्मपत्नी और एक वर्षीय शिशु के साथ दुर्गम वनों से होते हुए पाठशाला पहुँचे। उबड़-खाबड़ रास्ते, नदी-नाले, कीचड़ और बरसाती मौसम की बाधाओं के बावजूद उनकी सेवाभावना और बच्चों से मिलने का उत्साह देखने योग्य रहा। कठिनाइयों का सामना करते हुए भी उन्होंने समय पर पहुँचकर बच्चों की सेवा का कार्य किया।
शिविर में कुल 61 बैगा समुदाय के बालक-बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें से अधिकांश बच्चे सर्दी-खाँसी, दाद-खुजली एवं त्वचा रोग जैसी समस्याओं से ग्रस्त पाए गए। जिन दवाओं की तत्काल उपलब्धता थी, उन्हें मौके पर दिया गया और अन्य आवश्यक दवाएँ शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन डॉ. साहू ने दिया।
स्वास्थ्य परीक्षण के पश्चात डॉ. साहू एवं उनकी धर्मपत्नी ने बच्चों को शैक्षणिक सामग्री और मिष्ठान भी वितरित किया। इस अवसर पर समाजसेवी आजुराम मरावी, शिक्षक शिवकुमार मरावी एवं श्रीमती शिवकुमारी मरावी का विशेष योगदान रहा। प्रयास वनवासी पाठशाला और प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन द्वारा किया गया यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक रहा बल्कि सेवाभाव और समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल भी प्रस्तुत की।



