
मुंगेली : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा विधायक पुन्नूलाल मोहले की मांग को स्वीकार करते हुए घोषित चकरभट्ठा उप तहसील का कार्यालय भवन अब आमजन की सुविधा के लिए शुरू हो गया है। विगत दिन विधायक पुन्नूलाल मोहले ने विधिवत शुभारंभ कर जनता को बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर तहसीलदार कुणाल पाण्डेय ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए जानकारी दी कि चकरभट्ठा उप तहसील में एक राजस्व सर्किल के अंतर्गत 62 गांव और 10 पटवारी हल्का शामिल होंगे। नायब तहसीलदार का प्रभार दिलीप खाण्डे को सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक दौर में यहां लिंक कोर्ट के रूप में कार्य संचालित होगा और धीरे-धीरे पूर्ण सेटअप विकसित किया जाएगा।
शुभारंभ समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में चकरभट्ठा उप तहसील की सौगात मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधायक पुन्नूलाल मोहले के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, पूर्व अध्यक्ष शैलेश पाठक, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीकांत भास्कर, नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा, जिला भाजपा उपाध्यक्ष सुनील पाठक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि देवचरण भास्कर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सरपंच, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।



