मुंगेली : नवनियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने बुधवार को
शासकीय जिला ग्रंथालय मुंगेली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रंथालय के पाठकों से सीधे संवाद स्थापित कर विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से चर्चा की। निरीक्षण के दौरान पुस्तकों की उपलब्धता, बच्चों की बैठक व्यवस्था एवं अध्ययन कक्षों की स्थिति की जानकारी ग्रंथालय प्रभारी देवशंकर श्रीवास्तव से प्राप्त की। उन्होंने ग्रंथालय के कक्षों एवं परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई और सुव्यवस्थित माहौल पर संतोष जताया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने ग्रंथालय की टीम की कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की व्यवस्था विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी जे.के. बावरे, बी.आर. साव उच्च माध्यमिक शाला के प्राचार्य पी.सी. दिव्य, साक्षर भारत परियोजना अधिकारी रामनाथ गुप्ता, जिला ग्रंथालय प्रभारी देवशंकर श्रीवास्तव, एवं ग्रंथालय के कर्मचारी कमल कुर्रे तथा श्रीमती आशा खेस उपस्थित रहे।


