कोतमा अनूपपुर : नगर के प्रतिष्ठित व्यवसाई मनमोहन ताम्रकार पर प्राणघातक हमला करने वाले फरार आरोपियों को कोतमा पुलिस ने महज 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त काले रंग की थार वाहन को भी जप्त किया गया है।
यह सफलता श्रीमान् पुलिस अधीक्षक महोदय श्री मोती उर रहमान के निर्देशन में, श्रीमान् अति. पुलिस अधीक्षक महोदय श्री जगनाथ मरकाम एवं श्रीमान् एसडीओपी महोदय श्रीमती आरती शाक्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतमा निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल व उनकी टीम को प्राप्त हुई।
घटना के संदर्भ में बताया गया कि दिनांक 24 अक्टूबर 2025 को रात्रि करीब 10.45 बजे आरोपी दीप शुक्ला और उसका साथी कोतमा के प्रतिष्ठित व्यवसाई मनमोहन ताम्रकार पर लोहे की राड से जानलेवा हमला कर गंभीर चोटें पहुँचाई थीं। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 109, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
पुलिस अधीक्षक श्री मोती उर रहमान द्वारा घटना को गंभीरता से लिया गया और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु थाना प्रभारी कोतमा को विशेष निर्देश दिए गए। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र और सायबर सेल से प्राप्त सूचना के आधार पर आरोपियों का पीछा शुरू किया।
पुलिस टीम को जानकारी मिली कि आरोपी काले रंग की थार गाड़ी से कवर्धा की ओर भाग रहे हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी गाड़ी के हुलिए और अन्य सायबर इनपुट साझा किए। इसके बाद थाना कोतमा पुलिस ने कुकदुर और पंढरिया पुलिस से सहयोग प्राप्त कर नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों, दीप शुक्ला और सचिन तिवारी को उनकी बिना नम्बर वाली काले रंग की थार गाड़ी के साथ कुकदूर थाना क्षेत्र में पकड़ लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घटना में प्रयुक्त गाड़ी भी जप्त कर ली गई। आरोपियों से पूछताछ जारी है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस सफल गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोतमा निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल के साथ उप निरीक्षक श्यामलाल मरावी, प्रधान आरक्षक रामखेलावन, संजीव त्रिपाठी, दिनेश राठौर, आरक्षक अभय त्रिपाठी, राजेन्द्र अहिरवार सहित सायबर सेल अनूपपुर और थाना प्रभारी कुकदुर एवं पंढरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



