
महासमुंद : प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा शुरू किया गया “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान अब जनआवाज़ से जनांदोलन का रूप ले चुका है।इसी कड़ी में जिला किसान कांग्रेस कमेटी, महासमुंद के अध्यक्ष मानिक साहू ने मंगलवार को हजारों किसानों, मजदूरों, युवाओं और आम नागरिकों के हस्ताक्षर युक्त फॉर्म किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा को सौंपा है। श्री साहू ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ वोट दिया, उस जनादेश का अपमान भाजपा ने सत्ता के लोभ में किया है। छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताया था, लेकिन ‘वोट की चोरी’ कर कुर्सी हथियाने वालों ने लोकतंत्र की आत्मा को ठेस पहुंचाई है। अब जनता एक स्वर में कह रही है।
‘वोट चोर गद्दी छोड़!’”
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों, मजदूरों और आम जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया है। कांग्रेस सरकार ने किसानों को राहत देने के लिए बिजली बिल हाफ योजना लागू की थी, जिससे गांव-गांव के किसान और गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिली थी। लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने आते ही इस योजना को बंद कर दिया। अब किसान, छोटे व्यापारी और आम परिवार बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान हैं। जिला किसान कांग्रेस कमेटी ने हजारों लोगों के हस्ताक्षर सौंपे, कहा — भाजपा सरकार ने किसानों का हक छीना, बिजली बिल हाफ योजना बंद कर दी, जनता अब हिसाब लेगी।
श्री साहू ने कहा कि भाजपा सरकार के निर्णयों ने न केवल किसानों की जेब पर बोझ डाला है बल्कि उनके विश्वास को भी तोड़ा है। धान खरीदी, बोनस भुगतान और समर्थन मूल्य की बातें केवल घोषणाओं तक सीमित हैं। बिजली, खाद और बीज की किल्लत ने किसान की कमर तोड़ दी है। किसान आज कर्ज, महंगाई और बेरोजगारी के बोझ तले दबा हुआ है, और सरकार सत्ता सुख में मग्न है,” उन्होंने कहा। महासमुंद जिले के प्रत्येक ब्लॉक, ग्राम पंचायत और वार्ड में कांग्रेस कार्यकर्ता इस जनआंदोलन को गांव-गांव पहुंचा रहे हैं। किसान, युवा, महिलाएं और मजदूर सभी वर्ग “वोट चोर गद्दी छोड़” के नारे के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
मानिक साहू ने कहा कि किसान कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सदैव संघर्ष करती रही है और आगे भी करेगी। भाजपा की यह सरकार किसानों की मेहनत की कीमत नहीं दे रही, युवाओं को रोजगार नहीं दे रही, और जनता के जनादेश का अपमान कर रही है। जनता अब चुप नहीं बैठेगी —‘वोट चोर गद्दी छोड़’ की गूंज अब हर खेत, हर गांव, हर घर से उठेगी!” श्री साहू ने सभी किसान नेताओं और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाकर जनता के अधिकार और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करें।



