नई दिल्ली : अमेरिका में सरकारी शटडाउन दूसरे महीने में प्रवेश कर गया है। इस वजह से वहां एयर ट्रैफिक कंट्रोलर की कमी के कारण हवाई अड्डों पर उड़ानों में देरी का क्रम जारी है। रविवार को न्यू जर्सी के नेवार्क हवाई अड्डे पर उड़ानों में निर्धारित समय से दो से तीन घंटे की देरी हुई।
न्यूयार्क शहर के इमरजेंसी मैनेजमेंट ऑफिस ने एक्स पर कहा कि नेवार्क में देरी अक्सर क्षेत्र के अन्य हवाई अड्डों तक फैल जाती है। न्यूयार्क से आने-जाने वाले या वहां से होकर जाने वाले यात्रियों को शेड्यूल में बदलाव, गेट पर इंतजार इत्यादि के लिए तैयार रहना चाहिए। हवाई अड्डे पर आने से पहले यात्रियों को उड़ान का शेड्यूल चेक कर लेना चाहिए।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने शुक्रवार को एक्स पर कहा था कि लगभग 13,000 एयर ट्रैफिक कंट्रोलर हफ्तों से बिना सैलरी के काम कर रहे हैं। वहीं, शटडाउन की वजह से कई एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों ने छुट्टी ले ली है और दूसरे काम कर रहे हैं।
सरकार की कई कल्याणकारी योजनाओं पर भी असर पड़ा है। लोगों में हताशा और निराशा है। लेकिन दोनों राजनीतिक दलों में गतिरोध समाप्त करने के प्रति कोई जल्दी दिखाई नहीं दे रही है और दोनों अपने-अपने रुख पर अड़े हुए हैं।



