नई दिल्ली : तमाम विवादों के बावजूद परेश रावल की फिल्म द ताज स्टोरी 31 अक्टूबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। तुषार अमरीश गोयल द्वारा निर्देशित यह फिल्म ताजमहल के अंदर बंद 22 कमरों के रहस्य को उजागर करती है और इसके इतिहास से जुड़ी पुरानी मान्यताओं पर सवाल उठाती है।
फिल्म के मुख्य कलाकारों में परेश रावल के अलावा जाकिर हुसैन, अमृता खानविलकर, नमित दास और स्नेहा वाघ शामिल हैं।
किस बात पर था विवाद?‘द ताज स्टोरी’ अपनी नेशनल रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई थी जब दो जनहित याचिकाएं (पीआईएल) दायर करके इस पर प्रतिबंध लगाने और इसके प्रमाणन की समीक्षा की मांग की गई थी। याचिकाओं में दावा किया गया था कि फिल्म में ताजमहल के ऐतिहासिक तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। हंगामे के बावजूद निर्माता अपने काम पर डटे रहे। जाकिर हुसैन और परेश रावल, दोनों ने फ़िल्म का बचाव करते हुए कहा कि यह शोध पर आधारित है और इसका उद्देश्य समुदायों या धर्मों के बीच संघर्ष भड़काना नहीं है।



