
महासमुंद : बसना विधानसभा क्षेत्र के पिथौरा ब्लॉक के ग्राम सपोस के अंशुला में आयोजित श्री 108 एकादश कुंडीय श्रीमन महा गणेश महायज्ञ से पूरे क्षेत्र में एक धार्मिक माहौल है। इस विशाल आयोजन की समस्त व्यवस्थाएं बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल द्वारा सुनिश्चित की गई हैं, ताकि यहां आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और साधु-संतों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। विधानसभा क्षेत्र के लिए यह एक शुभ संयोग है कि पूज्य संत सियाराम दास महाराज ने अंशुला को अपने चातुर्मास प्रवास के लिए चुना है। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बताया कि इस सौभाग्य के पीछे बेमेतरा में हुए एक यज्ञ का प्रसंग है। विधायक डॉ अग्रवाल ने बताया कि जब वे बेमेतरा के पास आयोजित सियाराम दास महाराज के यज्ञ में सम्मिलित हुए थे, तभी उनकी मुलाकात कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल जी से हुई। मंत्री ने डॉ. अग्रवाल को सलाह दी कि वे महाराज से आग्रह करें, क्योंकि वे एक पहुंचे हुए संत हैं। इससे प्रेरित होकर, डॉ. अग्रवाल ने गुरु से प्रार्थना की और उन्हें बसना विधानसभा क्षेत्र में आने का आग्रह किया। विधायक के आग्रह को महाराज ने स्वीकार किया और महाराज ने चातुर्मास के लिए अंशुला को चुना।
‘कुंभ’ जैसा माहौल, प्रतिदिन हजारों भक्तों का आगमन
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि इस आयोजन से बसना विधानसभा क्षेत्र में इतना विशाल धार्मिक आयोजन होना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। यहां हजारों की संख्या में साधु-संत पधार रहे हैं, जिससे एक प्रकार से ‘कुंभ’ जैसा आध्यात्मिक माहौल निर्मित हो गया है। उन्होंने बताया कि महायज्ञ में प्रतिदिन हजारों की संख्या में भक्तगण दर्शन और पुण्य लाभ लेने आ रहे हैं, जिनके लिए भंडारे की व्यापक व्यवस्था की गई है। विधायक अग्रवाल ने जोर देकर कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि किसी भी भक्तगण को कोई परेशानी न हो और कोई भी यहाँ से भूखा न जाए।
आज होगा महायज्ञ का समापन
विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने कहा कि 5 नवंबर को महायज्ञ का समापन है उस दिन 5 से 6 हज़ार साधु संत पधार रहे है। जिसके लिए पूरी व्यवस्था की गई है ।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आगे जानकारी दी कि रात्रि में दक्षिण कौशल पीठ के श्री 1008 श्री राजीव लोचन दास महाराज के श्रीमुख से श्रीराम कथा का दिव्य पठन किया गया। इस दौरान, छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री एवं महासमुंद जिला प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल और बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने स्वयं कथा का श्रवण कर पूज्य महाराज जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। चातुर्मास प्रवास पर आए पूज्य संत सियाराम दास महाराज ने इस भव्य धार्मिक आयोजन की भूरी-भूरी सराहना की। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेश वासियों को हृदय से आशीर्वाद प्रदान किया। महाराज श्री ने समाज के लिए एक स्पष्ट दिशा निर्धारित करते हुए कहा कि सभी जन शिक्षा के मार्ग पर अग्रसर हों, व्यापार में वृद्धि करें, और सबसे महत्वपूर्ण, नशा मुक्त रहें। उन्होंने दृढ़तापूर्वक यह बात रखी कि इन तीन स्तंभों पर कार्य करके ही व्यक्ति और समाज आगे बढ़ सकते हैं और तरक्की कर सकते हैं। यह आह्वान महाराज श्री की ओर से प्रदेश के उज्जवल भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल ने मीडिया से बातचीत करते हुए इस आयोजन की सराहना की। उन्होंने सर्वप्रथम महाराज सियाराम दास को प्रणाम किया, जो अंशुला ग्राम में यह भव्य यज्ञ संपन्न करा रहे हैं। मंत्री बघेल ने कहा कि हम सभी के लिए यह सौभाग्य का विषय है कि महाराज का आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है और हजारों साधु-संतों के दर्शन का लाभ मिल रहा है।
मंत्री बघेल ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल को विशेष धन्यवाद दिया, जिन्होंने इतना बड़ा और भव्य आयोजन करवाया। उन्होंने कहा कि इससे भक्तगणों को साधु-संतों का आशीर्वाद और दर्शन लाभ मिल रहा है। मंत्री बघेल ने महाराज सियाराम दास जी से प्रार्थना की कि वे सभी को आशीर्वाद दें और सभी की मनोकामनाएं पूरी करें, साथ ही पूरे प्रदेश में सुख-समृद्धि बनी रहे।



