नई दिल्ली : पाकिस्तान ने भारत पर जितने भी आतंकी हमले किए हैं उसमें इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) की सीक्रेट यूनिट एस1 का हाथ है। 1993 के मुंबई धमाके से लेकर जम्मू-कश्मीर का पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले तक, भारत में आतंकवाद फैलाने में इसी एस1 यूनिट की बड़ी भूमिका रही है।
एनडीटीवी ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों का हवाला देते हुए बताया कि एस1 का मतलब सबवर्जन 1 है। यह यूनिट पाकिस्तान में सीमा पार आतंकवाद फैलाने वाली ताकतों के पीछे सबसे बड़ी वजह है। एस1 का मुखिया पाकिस्तानी सेना का एक कर्नल है, जबकि दो बड़े अधिकारी एक्टिव ऑपरेशन्स देखते हैं। इन दोनों अधिकारियों के कोड नेम गाजी1 और गाजी2 हैं।
एस1 के लोगों को जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे ग्रुप्स के टेरर ट्रेनिंग कैंप्स में देखा गया है। वे लंबी दाढ़ी रखकर और लोकल, एथनिक कपड़े पहनकर घुलने-मिलने की कोशिश करते हैं। यह यूनिट इतनी सीक्रेट है कि आतंकी संगठनों को भी नहीं पता चलता कि उनके ट्रेनर एस1 यूनिट से हैं।



