Home देश सुशासन-विकास की हुई जीत, बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम पर आया पीएम मोदी...

सुशासन-विकास की हुई जीत, बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम पर आया पीएम मोदी का पहला रिएक्शन

0

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए एनडीए की ऐतिहासिक जीत को “सुशासन और विकास की जीत” बताया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि बिहार की जनता ने जन-कल्याण, सामाजिक न्याय और स्थिर शासन पर भरोसा जताते हुए एनडीए को अभूतपूर्व जनादेश दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा, “सुशासन की जीत हुई है। विकास की जीत हुई है। जन-कल्याण की भावना की जीत हुई है। सामाजिक न्याय की जीत हुई है।” उन्होंने बिहार की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह प्रचंड जीत आगे आने वाले वर्षों में राज्य के विकास के लिए नई ऊर्जा प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने एनडीए सरकार को दोबारा मौका देकर यह भरोसा जताया है कि प्रदेश तेजी से आगे बढ़ सकता है। पीएम ने कहा कि यह जनादेश जनता-जनार्दन की सेवा के लिए एक “नई शक्ति और नया संकल्प” है।

प्रधानमंत्री ने एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच जाकर विकास के एजेंडे को मजबूती से रखा और विपक्ष के हर झूठ का तर्कसंगत जवाब दिया। पीएम ने लिखा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की लगन और समर्पण का परिणाम है।

आगे की योजनाओं पर बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आने वाले समय में एनडीए सरकार बिहार में विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक पहचान को नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति और नारी शक्ति को सशक्त बनाने के लिए सरकार और अधिक अवसर प्रदान करेगी, ताकि बिहार समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छू सके।

पीएम मोदी आज शाम 6 बजे दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में होने वाले विजय उत्सव में शामिल होंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। पार्टी की इस बड़ी जीत पर मुख्यालय में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। शाम को कार्यकर्ताओं और मंत्रियों के लिए बड़े भोज की तैयारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here