हरिद्वार : हरिद्वार में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शौर्य सम्मान यात्रा में पथराव का आरोप लगाया। पथराव में कई कार्यकर्ता चोटिल भी हुए हैं। भड़के कार्यकर्ताओं ने श्रीराम चौक पर प्रदर्शन किया। बजरंग दल के कार्यकर्ता श्रीराम चौक के पास धरने पर बैठ गए और जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पथराव करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। यात्रा में पेट्रोल बम से हमले का भी आरोप है। पुलिस अधिकारियों की ओर से मुकदमे के साथ ही कार्रवाई के आश्वासन के बाद उन्होंने धरना खत्म किया और जाम खुलवाया गया।
इधर, जाम लगने की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। माैके पर पहुंचे एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। बामुश्किल मामले को शांत कराया।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह का कहना है कि इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वीडियो फुटेज के आधार पर पहचान करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



