Home छत्तीसगढ़ बस्तर रेंज में 1,592 आरक्षकों की भर्ती पूरी: 464 महिलाओं सहित 91...

बस्तर रेंज में 1,592 आरक्षकों की भर्ती पूरी: 464 महिलाओं सहित 91 ट्रेड पदों पर चयन, दंतेवाड़ा को 55 पद

0

 

एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा : छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार वर्ष 2023-24 की आरक्षक भर्ती प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। बस्तर रेंज के सातों जिलों में स्वीकृत 1,592 आरक्षक पदों के विरुद्ध चयन एवं प्रतीक्षा सूची आज पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज द्वारा जारी की गई। भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 04 अक्टूबर 2023 को विज्ञापन जारी कर हुई थी। बस्तर रेंज में दो भर्ती केंद्र गठित किए गए थे: केंद्र-1 (जगदलपुर): बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा एवं बीजापुर जिलों के लिए पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा की अध्यक्षता में समिति। केंद्र-2 (कोंडागांव): नारायणपुर, कोंडागांव एवं कांकेर जिलों के लिए पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा की अध्यक्षता में समिति।

प्रथम चरण में दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक माप-जोख एवं दक्षता परीक्षा 16 नवंबर 2024 से 18 जनवरी 2025 तक 5वीं वाहिनी छसबल कंगोली (जगदलपुर) एवं पुलिस लाइन कोंडागांव में आयोजित की गई। योग्य अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा 14 सितंबर 2025 को कराई गई। आरक्षक (चालक) एवं (ट्रेड) पदों के लिए ट्रेड टेस्ट 17 से 19 नवंबर 2025 तक संपन्न हुआ।
जिला-वार चयनित आरक्षक:
नारायणपुर: 470
बीजापुर: 337
बस्तर: 334
सुकमा: 128
कांकेर: 125
कोंडागांव: 103
दंतेवाड़ा: 55

कुल चयनित 1,592 आरक्षकों में 464 महिलाओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन उल्लेखनीय है, जो बस्तर पुलिस में महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। इसके अलावा, मोटर वाहन चालक एवं अन्य ट्रेड पदों पर 91 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जिससे पुलिस बल की तकनीकी एवं परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी।

पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टीलिंगम ने कहा, “यह भर्ती प्रक्रिया छत्तीसगढ़ शासन की जन-केंद्रित पुलिसिंग नीति को मजबूत करेगी। नव-नियुक्त आरक्षकों से बस्तर के सातों जिलों में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं जन-सेवा में गुणात्मक सुधार होगा।”
चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची बस्तर रेंज पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here