
एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा किरंदुल (बस्तर): नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एनएमडीसी) के बीआईओएम किरंदुल कॉम्प्लेक्स में खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस), बिलासपुर क्षेत्र के तत्वावधान में 4 दिसंबर से 9 दिसंबर 2025 तक वार्षिक सुरक्षा समारोह-2025 का आयोजन किया गया। इस दौरान सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
समारोह की शुरुआत 4 दिसंबर को हुई, जब अधिशासी निदेशक रवीन्द्र नारायण ने प्रशासनिक भवन प्रांगण में सुरक्षा ध्वज फहराया और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा शपथ दिलाई। डीजीएमएस द्वारा गठित निरीक्षण दल ने 9 दिसंबर को किरंदुल परियोजना की खदानें, संयंत्र, प्रशिक्षण सुविधाएं तथा ओएचएस (व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा) सुविधाओं का निरीक्षण किया। दल ने सुरक्षा के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
सुरक्षा सप्ताह के दौरान कर्मचारियों, छात्रों और गृहिणियों के लिए विभिन्न सुरक्षा-संबंधी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। 9 दिसंबर की शाम डीएवी स्कूल, किरंदुल के सभागार में आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि रवीन्द्र नारायण ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में छात्रों द्वारा सुरक्षा मॉडल प्रदर्शनी, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा कर्मचारियों द्वारा सुरक्षा नाटक का मंचन हुआ।
समापन संबोधन में रवीन्द्र नारायण ने कार्यस्थल पर सुरक्षा की प्राथमिकता पर बल दिया और कहा कि स्वास्थ्य एवं सुरक्षा मानकों में सुधार के लिए सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करना आवश्यक है। श्रमिक प्रतिनिधियों ने भी सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए प्रबंधन के उपायों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (उत्पादन) के.पी. सिंह, महाप्रबंधक (खनन)/खान प्रबंधक एस.के. कोचर, सभी विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, श्रमिक प्रतिनिधि, वर्कमेन इंस्पेक्टर, सुरक्षा समिति सदस्य, कर्मचारी तथा स्कूलों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन उप महाप्रबंधक (खनन) रितेश मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उप महाप्रबंधक (प्रशासन व सुरक्षा) सुनील कुमार ने किया।



