समूचा बिहार इन दिनों भीषण ठंड की चपेट में है. कई दिनों से सूर्य देवता के दर्शन बिहार के लोग नहीं कर पाए. इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने 27 दिसंबर तक के लिए चेतावनी जारी की है. इस दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में घना कोहरा और शीत दिवस की स्थिति बनी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
बिहार के इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट:- मौसम विज्ञान केंद्र पटना की चेतावनी के अनुसार पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, पटना, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया और नवादा जिलों में कोहरे का खास असर देखने को मिल सकता है. इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के कुछ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. जिन जिलों में यह अलर्ट जारी हुआ है उनमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई शामिल है.
क्या प्रभाव दिखेगा:- मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने इन जिलों में सुबह और देर रात के समय विजिबिलिटी काफी कम रहने की संभावना जताई है. कई इलाकों में ठंडी हवाओं के कारण दिन का तापमान सामान्य से कम रह सकता है. इससे शीत दिवस की स्थिति बन सकती है.



