एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा : किरंदुल नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एनएमडीसी) के बैलाडिला आयरन ओर माइन, किरंदुल कॉम्प्लेक्स में कंपनी के 68वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रविवार रात एक भव्य सांस्कृतिक संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम ने कंपनी की समृद्ध विरासत का जश्न मनाने के साथ-साथ कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय में उत्साह एवं एकता का माहौल पैदा कर दिया।
मुंबई से विशेष रूप से आमंत्रित प्रसिद्ध गायक चारु सेमवाल और दिव्या कुमार ने अपनी सुरीली आवाजों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दिव्या कुमार के बॉलीवुड हिट गीतों और चारु सेमवाल की मधुर प्रस्तुतियों पर दर्शक झूम उठे तथा पूरा फुटबॉल ग्राउंड तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
एनएमडीसी के वरिष्ठ अधिकारी और प्रमुख भी इस संगीत कार्यक्रम का पूरा आनंद लेते नजर आए। भारत की सबसे बड़ी आयरन ओर उत्पादक कंपनी एनएमडीसी अपने बैलाडिला प्रोजेक्ट्स (किरंदुल एवं बचेली) के माध्यम से देश की स्टील इंडस्ट्री को मजबूत आधार प्रदान करती है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन कंपनी की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी तथा कर्मचारी कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं।
नक्सल प्रभावित किरंदुल जैसे क्षेत्र में यह आयोजन सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संदेश लेकर आया, जहां विकास और संस्कृति का यह संगम स्थानीय लोगों के लिए उम्मीद की किरण बन रहा है। कार्यक्रम में एनएमडीसी किरंदुल परियोजना के कार्यकारी निदेशक रवींद्र नारायण, डीजीएम (एचआर) के.एल. नागवेणी, श्रम संघ पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।



