Home छत्तीसगढ़ गरियाबंद में साप्ताहिक सब्जी बाजार की स्थाई व्यवस्था नहीं, एनएच किनारे रावणभाठा...

गरियाबंद में साप्ताहिक सब्जी बाजार की स्थाई व्यवस्था नहीं, एनएच किनारे रावणभाठा मैदान में शिफ्ट, यातायात हो रही प्रभावित

0

राधेश्याम सोनवानी गरियाबंद:गरियाबंद में साप्ताहिक सब्जी बाजार के लिए अब तक कोई स्थाई स्थान निर्धारित नहीं किया जा सका है। हाल ही में प्रशासन द्वारा बाजार को मंडी परिसर से हटाकर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) से लगे रावणभाठा मैदान में स्थानांतरित किया गया है। शुक्रवार को लगने वाले इस साप्ताहिक बाजार में भारी संख्या में खरीदारों और विक्रेताओं की भीड़ उमड़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बाजार के दौरान एनएच पर वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ जाती है। सब्जी खरीदने आने वाले लोग अपने दोपहिया वाहन सड़क के किनारे खड़े करने को मजबूर हैं, जिससे जाम की स्थिति बन रही है। भीड़ और अव्यवस्थित पार्किंग को देखते हुए पुलिस प्रशासन को मौके पर जवानों की ड्यूटी लगानी पड़ी है, ताकि यातायात सुचारू रखा जा सके।

मालूम हो कि साप्ताहिक सब्जी बाजार हालही के दिनों में मंडी परिसर में लगता था, लेकिन धान खरीदी प्रभावित न हो, इसे देखते हुए एक बार फिर साप्ताहिक सब्जी बाजार को अन्यत्र भेजा गया है। इसके पहले सब्जी बाजार गांधी मैदान और जनपद पंचायत के सामने अटल बाजार के पीछे की जगह में भी भेजा गया था, जिसके बाद पर्याप्त जगह और किसी तरह से यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए मंडी परिसर में कई महीनों से साप्ताहिक सब्जी बाजार संचालित हो रहा था, जिसे एक बार फिर हटा दिया गया है।

–स्थाई व सुव्यवस्थित जगह चिन्हित किया जाए–
स्थानीय लोगों का कहना है कि साप्ताहिक बाजार शहर की जरूरत है, लेकिन इसके लिए स्थाई और सुव्यवस्थित स्थान नहीं होने से आमजन को परेशानी झेलनी पड़ रही है। नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सब्जी बाजार के लिए जल्द एक स्थाई स्थल चिन्हित किया जाए, जहां पार्किंग और यातायात की समुचित व्यवस्था हो, ताकि सड़क पर लगने वाले जाम से राहत मिल सके।

–कई बार हटाए जा चुके हैं सब्जी बाजार को–
गरियाबंद में साप्ताहिक सब्जी बाजार को कई मर्तबा एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया जा चुका है, जिससे नगरवासियों के साथ-साथ आसपास के गांवों और बाहर से आने वाले सब्जी विक्रेताओं को बार-बार परेशानियों का सामना करना पड़ता है, वहीं स्थाई व्यवस्था के अभाव में अव्यवस्था बनी रहती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here