
सुरेश मिनोचा मनेन्द्रगढ़ : वी क्लब समर्पण मनेन्द्रगढ़ की ओर से 2 फरवरी, सोमवार को नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय परिसर में स्वावलंबनारी सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास एवं स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एकता ब्यूटी पार्लर की संचालिका निधि अग्रवाल रहीं, जिन्होंने लाइव डेमो के माध्यम से मेकअप, स्किन केयर और हेयर केयर से जुड़ी व्यावहारिक एवं रोजगारपरक जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने छात्राओं को बताया कि सौंदर्य केवल बाहरी दिखावे तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वच्छता, आत्मविश्वास और करियर के अवसरों से भी गहराई से जुड़ा हुआ क्षेत्र है।
निधि अग्रवाल ने मेकअप के सही तरीकों, त्वचा की देखभाल, बालों से जुड़ी आम समस्याओं और उनके समाधान को सरल भाषा में समझाया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि सीमित संसाधनों में भी ब्यूटी केयर के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उनकी प्रस्तुति को छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सराहा।
नारी स्वावलंबन विषय पर उद्बोधन देते हुए रजनी अग्रवाल ने कहा कि आज की नारी को शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास की ओर भी कदम बढ़ाना चाहिए।
इंद्रा सेंगर ने कहा कि छोटे-छोटे हुनर भी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर समाज में सम्मानजनक स्थान दिला सकते हैं। वहीं निधि अग्रवाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए निरंतर अभ्यास, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताया।इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष बबीता अग्रवाल, रजनी अग्रवाल सहित वरिष्ठ क्लब सदस्य इंद्रा सेंगर, प्रीति जायसवाल, प्रतिभा अग्रवाल, कविता, मंजू, वीरांगना अर्चना पोद्दार, रूपा, लीना शाह, माधुरी एवं क्लब की अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का समापन प्रेरणादायी संदेशों एवं छात्राओं के उत्साह के साथ हुआ, जिसने नारी स्वावलंबन की भावना को और अधिक सशक्त किया।



